20 दिसंबर को नवी मुंबई में होगा विराट कायस्थ महासम्मेलन, तैयारियों के लिए विभिन्न समितियों का गठन
Type Here to Get Search Results !

Recent Tube

20 दिसंबर को नवी मुंबई में होगा विराट कायस्थ महासम्मेलन, तैयारियों के लिए विभिन्न समितियों का गठन

 


प्रदीप बच्चन (व्यूरो चीफ) 

बलिया (यूपी)पटना (बिहार) : ग्लोबल कायस्थ कांफ्रेंस (जीकेसी) की ओर से 20 दिसंबर को नवी मुंबई के खारघर में विराट कायस्थ महासम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। महासम्मेलन की तैयारियों को गति देने और आयोजन को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। इन समितियों के संयोजकों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जिससे आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जा सकें।

जीकेसी के ग्लोबल अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद के नेतृत्व और प्रबंध न्यासी रागिनी रंजन के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाले इस महासम्मेलन में देश-विदेश के कायस्थ प्रतिनिधियों की भागीदारी प्रस्तावित है। सम्मेलन के माध्यम से समाज के लोगों को एक साझा मंच पर लाने, आपसी सहयोग बढ़ाने, सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने तथा कायस्थ समाज की सांस्कृतिक विरासत और उपलब्धियों को व्यापक पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

महासम्मेलन की संपूर्ण तैयारी समिति की जिम्मेदारी राष्ट्रीय महासचिव नवीन कुमार को सौंपी गई है। वह आयोजन से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं और तैयारियों के समन्वय की जिम्मेदारी संभालेंगे। ड्राफ्टिंग समिति का दायित्व राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. आदित्य नाग को दिया गया है। महाराष्ट्र प्रदेश महासचिव सुनील कुमार को स्वागत मंत्री बनाया गया है, जबकि महाराष्ट्र प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश श्रीवास्तव स्वागत समिति और भोजन समिति की जिम्मेदारी संभालेंगे।

कला एवं संस्कृति समिति के संयोजक के रूप में कला एवं संस्कृति प्रकोष्ठ के ग्लोबल कार्यकारी अध्यक्ष प्रेम कुमार को जिम्मेदारी सौंपी गई है।वहीं  

कला एवं संस्कृति प्रकोष्ठ के 

ग्लोबल महासचिव पवन सक्सेना इस समिति के सह-संयोजक होंगे। सम्मेलन में कला एवं संस्कृति से जुड़ी गतिविधियों के समन्वय और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी में यह समिति महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

इसी तरह, आईटी समिति की जिम्मेदारी महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष मनीष प्रभाकर को दी गई है, जबकि डिजिटल समिति का दायित्व ग्लोबल संगठन सचिव शुभ्रांशु श्रीवास्तव संभालेंगे। इन समितियों के माध्यम से आयोजन से संबंधित तकनीकी और डिजिटल व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने पर जोर दिया जाएगा।

आयोजन की तैयारियों के तहत गठित स्टेज समिति में सुनील कुमार, महाराष्ट्र प्रदेश महासचिव को संयोजक तथा श्री संजय कामता प्रसाद, महाराष्ट्र प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष को सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इस अवसर पर जीकेसी के ग्लोबल अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि विराट कायस्थ महासम्मेलन समाज की एकजुटता, संगठनात्मक शक्ति और सामूहिक सहभागिता को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि किसी भी बड़े आयोजन की सफलता के लिए सभी सदस्यों का सहयोग, समर्पण और आपसी समन्वय आवश्यक है। महासम्मेलन के माध्यम से समाज के लोगों को जोड़ने और संगठन की गतिविधियों को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

जीकेसी की प्रबंध न्यासी रागिनी रंजन ने कहा कि महासम्मेलन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज के लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने और साझा उद्देश्यों के लिए मिलकर काम करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि आयोजन की सफलता के लिए प्रत्येक समिति की भूमिका महत्वपूर्ण है। सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन समर्पण के साथ करते हुए तैयारियों को समयबद्ध ढंग से पूरा करना चाहिए।

जीकेसी के राष्ट्रीय महासचिव नवीन कुमार ने कहा कि महासम्मेलन की तैयारियों को व्यवस्थित रूप देने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है और उनके संयोजकों को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उन्होंने कहा कि सभी समितियां आपसी तालमेल के साथ काम करेंगी, जिससे आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को बेहतर तरीके से पूरा किया जा सके और सम्मेलन में शामिल होने वाले प्रतिनिधियों के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Hollywood Movies