प्रयागराज। 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत जिले के दिव्यांगजनों के लिए 28 सितंबर को विशेष कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण शिविर आयोजित किए जाएंगे। यह शिविर विकास खण्ड परिसर कोरांव और विकास खण्ड परिसर उरूवा में आयोजित किए जा रहे हैं।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी श्री अशोक कुमार गौतम ने बताया कि विकास खण्ड परिसर कोरांव में कोरांव क्षेत्र के लाभार्थियों के लिए पूर्वान्ह 11:00 बजे शिविर की शुरुआत होगी। वहीं, विकास खण्ड परिसर उरूवा में मेजा, माण्डा और उरूवा विकास खण्डों के लाभार्थियों के लिए अपरान्ह 03:00 बजे कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
जनप्रतिनिधि बांटेंगे सहायक उपकरण
शिविर में माननीय जनप्रतिनिधियों के कर-कमलों द्वारा पूर्व में चिह्नित दिव्यांगजनों को उपकरण बांटे जाएंगे। वितरण सूची में शामिल मुख्य उपकरण हैं:
ट्राईसाइकिल और व्हील चेयर
कान की मशीन
ब्रेल किट और एम.आर. किट
स्मार्ट केन और ए.डी.एल. किट
इसके अलावा शिविर में दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी तथा नए पात्र दिव्यांगजनों के चिन्हांकन की प्रक्रिया भी की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने दिए सख्त निर्देश
मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह ने कार्यक्रम के सफल और सुचारू संचालन के लिए संबंधित खण्ड विकास अधिकारियों (BDO) एवं जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया है। उन्होंने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को अपनी-अपनी जिम्मेदारियों और दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

