डीएम ने रेलवे बोर्ड के CEO और पूर्वोत्तर रेलवे के GM को भेजा पत्र
10 अगस्त के मांग पत्र पर हुई कार्रवाई, सांसद ने 13 अगस्त को रेल मंत्री को भेजा था D.O. पत्र
महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा के महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन नौतनवा को नई दिल्ली एवं मुंबई से सीधी रेल सेवा से जोड़ने की मांग को अब प्रशासनिक स्तर पर भी मजबूती मिल गई है। उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष प्रिन्स जायसवाल द्वारा 10 अगस्त 2026 को जिलाधिकारी महराजगंज को सौंपे गए मांग पत्र पर जिला प्रशासन ने पहल करते हुए रेलवे के उच्चाधिकारियों को पत्र प्रेषित किया है। BB
जिलाधिकारी कार्यालय से पत्र संख्या 101/(1-2)/न्याय सहायो/2026, दिनांक 27 अगस्त 2026 के माध्यम से मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO), रेलवे बोर्ड, नई दिल्ली तथा महाप्रबंधक, पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर को पत्र भेजा गया है। इसमें प्रिन्स जायसवाल के 10 अगस्त 2026 के प्रार्थना पत्र का संदर्भ देते हुए गोरखपुर/आनंदनगर तक संचालित नई दिल्ली एवं मुंबई मार्ग की उपयुक्त लंबी दूरी की रेलगाड़ियों का नौतनवा रेलवे स्टेशन तक विस्तार किए जाने का प्रस्ताव प्रेषित किया गया है तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।
सांसद ने भी रेल मंत्री के समक्ष उठाई थी मांग
नौतनवा को लंबी दूरी की रेल सेवा से जोड़ने की मांग को पहले ही महराजगंज के सांसद एवं वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी का समर्थन मिल चुका है। सांसद पंकज चौधरी ने 13 अगस्त 2026 को रेल मंत्री को D.O. No. 171/VIP/MoS(F)/R/2026 के माध्यम से पत्र भेजकर नौतनवा क्षेत्र की रेल सुविधा से संबंधित मांग को रेल मंत्रालय के समक्ष उठाया था।
ऐसे में सांसद की ओर से रेल मंत्री के समक्ष मामला उठाए जाने के बाद अब जिलाधिकारी द्वारा रेलवे बोर्ड के CEO एवं पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक को पत्र भेजे जाने से इस मांग को महत्वपूर्ण प्रशासनिक समर्थन मिला है।
भारत-नेपाल सीमा के लाखोंलोगों को होगा लाभ
प्रिन्स जायसवाल ने अपने मांग पत्र में कहा था कि नौतनवा भारत-नेपाल सीमा का प्रमुख रेलवे स्टेशन है। नेपाल के भैरहवा क्षेत्र से निकटता के कारण यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में नेपाली नागरिकों के साथ भारतीय यात्री, व्यापारी, विद्यार्थी, मरीज एवं अन्य लोग आवागमन करते हैं। नई दिल्ली और मुंबई के लिए सीधे रेल संपर्क का अभाव होने के कारण यात्रियों को गोरखपुर, आनंदनगर अथवा अन्य स्टेशनों पर निर्भर रहना पड़ता है।
मांग पत्र में गोरखपुर/आनंदनगर से नई दिल्ली एवं मुंबई मार्ग पर संचालित उपयुक्त लंबी दूरी की ट्रेनों का नौतनवा तक विस्तार करने का अनुरोध किया गया है। इससे नौतनवा, सोनौली, महराजगंज सहित पूरे भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिल सकती है। साथ ही सीमावर्ती क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
प्रशासन की पहल से बढ़ी उम्मीद
जिलाधिकारी द्वारा भेजे गए पत्र में संबंधित रेलवे अधिकारियों से प्रार्थना पत्र पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है। इससे अब प्रस्ताव रेलवे के सक्षम स्तर तक पहुंच गया है। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि रेलवे यात्रियों की संख्या, सीमावर्ती क्षेत्र की भौगोलिक एवं व्यापारिक स्थिति तथा जनहित को ध्यान में रखते हुए इस प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करेगा।
प्रिन्स जायसवाल ने कहा कि नौतनवा से दिल्ली और मुंबई की सीधी रेल सुविधा केवल महराजगंज ही नहीं, बल्कि भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता है। वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी द्वारा रेल मंत्री के समक्ष मांग उठाने और अब जिलाधिकारी द्वारा रेलवे बोर्ड व पूर्वोत्तर रेलवे के उच्चाधिकारियों को पत्र भेजे जाने से उम्मीद मजबूत हुई है कि इस दिशा में शीघ्र सकारात्मक निर्णय होगा।

