सिविल लाइंस और जॉर्ज टाउन के पिज्जा हट व डोमिनोज को 14 दिन का नोटिस, कोरांव में मिठाइयों के सैंपल भरे
Type Here to Get Search Results !

Recent Tube

सिविल लाइंस और जॉर्ज टाउन के पिज्जा हट व डोमिनोज को 14 दिन का नोटिस, कोरांव में मिठाइयों के सैंपल भरे

 


प्रयागराज दिनांक 31 अगस्त 2026: मंडलायुक्त के निर्देशों पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर के नामी फूड आउटलेट्स और बाजारों में जोरदार छापेमारी की है। इस कार्रवाई के दौरान सिविल लाइंस और जॉर्ज टाउन स्थित पिज्जा हट व डोमिनोज के आउटलेट्स में वेज-नॉनवेज के रखरखाव से लेकर साफ-सफाई और मानकों में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठानों को 14 दिनों के भीतर कमियां सुधारने का नोटिस जारी किया है।

मंडलायुक्त के निर्देशों के क्रम में खाद्य विभाग द्वारा विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों की लगातार जांच एवं निरीक्षण की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पिज्जा हट एवं डोमिनोज के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा मानकों का परीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विशेष रूप से वेज एवं नॉन-वेज खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं भंडारण में पृथक्करण की व्यवस्था से संबंधित कमियां पाई गईं। इसके अतिरिक्त खाद्य पदार्थों की यूज़-बाय डेट/डिस्कार्ड डेट के समुचित निस्तारण, कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण पत्र एवं स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं में भी कमियां पाई गईं। उक्त कमियों के दृष्टिगत संबंधित खाद्य कारोबारकर्ताओं को 14 दिवस का नोटिस जारी कर कमियों में सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं।


1. पिज्जा हट, एस.पी. मार्ग, सिविल लाइंस


 को खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा पिज्जा हट, एस.पी. मार्ग, सिविल लाइंस का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान वेज एवं नॉन-वेज खाद्य पदार्थों के निर्माण में प्रयुक्त बर्तनों के लिए अलग पहचान/व्यवस्था नहीं पाई गई तथा दोनों प्रकार के खाद्य पदार्थों के भंडारण को भी अलग-अलग चिन्हित नहीं किया गया था। साथ ही खाद्य पदार्थों पर अंकित यूज़-बाय डेट/डिस्कार्ड डेट का समय से समुचित निस्तारण नहीं किया जा रहा था। इसके अतिरिक्त मुख्य रसोई में कर्मचारियों द्वारा हेड कवर, ग्लव्स एवं एप्रन का प्रयोग नहीं किया जा रहा था। पिज्जा की पैकिंग में प्रयुक्त सामग्री के खाद्य-ग्रेड होने संबंधी प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं किया गया। तैयार पिज्जा को गर्म अवस्था में परोसने के लिए प्रयुक्त कॉर्क पैड गंदी अवस्था में पाया गया। प्रिपरेशन एवं क्लीनिंग क्षेत्र में जल निकासी की व्यवस्था उचित नहीं थी तथा नालियां चोक पाई गईं। कर्मचारियों के अद्यतन स्वास्थ्य प्रमाण पत्र, फूड लाइसेंस में अंकित जिम्मेदार व्यक्ति से संबंधित सूचना तथा फूड सेफ्टी चेकलिस्ट भी उपलब्ध/अद्यतन नहीं पाई गई।


2. पिज्जा हट, एम.जी. मार्ग, सिविल लाइंस


दिनांक 31 अगस्त 2026 को ही पिज्जा हट, एम.जी. मार्ग, सिविल लाइंस का भी निरीक्षण किया गया। यहां वेज एवं नॉन-वेज खाद्य पदार्थों के लिए प्रयुक्त बर्तनों का पृथक्करण चिन्हित नहीं था तथा डीप फ्रीजर में वेज एवं नॉन-वेज खाद्य पदार्थों के अलग-अलग भंडारण की समुचित व्यवस्था नहीं पाई गई। इसके अतिरिक्त पिज्जा निर्माण में संलग्न कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं थे। परिसर के वाशिंग सिंक की जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं थी। पेस्ट कंट्रोल कार्यक्रम तथा क्लीनिंग कार्यक्रम की एसओपी/चेकलिस्ट भी प्रस्तुत नहीं की गई।


3. डोमिनोज, एस.पी. मार्ग, सिविल लाइंस


दिनांक 01 सितंबर 2026 को एस.पी. मार्ग, सिविल लाइंस स्थित डोमिनोज का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कोल्ड चैंबर में वेज एवं नॉन-वेज खाद्य पदार्थों के पृथक्करण की व्यवस्था चिन्हित नहीं पाई गई। इसके अतिरिक्त पिज्जा निर्माण कार्य में संलग्न कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं थे तथा कुछ कर्मचारियों द्वारा पिज्जा तैयार करते समय हैंड ग्लव्स का प्रयोग नहीं किया जा रहा था। मुख्य रसोई क्षेत्र में कर्मचारियों के लोडिंग बैग, हेलमेट आदि रखे पाए गए, जिन्हें अलग निर्धारित स्थान पर रखने के निर्देश दिए गए। पेस्ट कंट्रोल कार्यक्रम तथा क्लीनिंग कार्यक्रम की एसओपी/चेकलिस्ट भी प्रस्तुत नहीं की गई। साथ ही डिलीवरी बॉय अथवा किसी अनधिकृत व्यक्ति के मुख्य रसोई क्षेत्र में प्रवेश को रोकने के लिए पिछले द्वार से केवल अधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।


4. कोरांव बाजार एवं आसपास के क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण


आज दिनांक 01 सितंबर 2026 को कोरांव बाजार एवं आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। ट्रिमेंड गंज रोड, कोरांव स्थित दीपक स्वीट हाउस एवं कंचन स्वीट हाउस का निरीक्षण कर बर्फी एवं मिल्क केक के एक-एक विधिक नमूने संग्रहित किए गए। इसके पश्चात मांडा रोड, कोरांव पहुंचने पर संबंधित दुकान बंद पाई गई। वहीं देवरा मोड़ स्थित शौर्य स्वीट हाउस, संचालक गोलू केसरी पुत्र मूलचंद केसरवानी, का निरीक्षण किया गया। प्रतिष्ठान में साफ-सफाई की व्यवस्था निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया गया। इसी क्रम में लेड़ियारी बाजार स्थित उमाशंकर केसरवानी की दुकान का भी निरीक्षण किया गया तथा बेसन के लड्डू का एक विधिक नमूना संग्रहित किया गया। संग्रहित नमूनों को नियमानुसार जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा जा रहा है तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

5. डोमिनोज पिज्जा, लोकसेवा, जॉर्ज टाउन

दिनांक 31 अगस्त 2026 को लोकसेवा, जॉर्ज टाउन स्थित डोमिनोज पिज्जा का भी निरीक्षण किया गया। यहां वेज एवं नॉन-वेज खाद्य पदार्थों के निर्माण में प्रयुक्त बर्तनों के लिए अलग पहचान की व्यवस्था नहीं थी तथा दोनों प्रकार के खाद्य पदार्थों के भंडारण को अलग-अलग इंगित नहीं किया गया था। साथ ही खाद्य पदार्थों पर अंकित यूज़-बाय डेट/डिस्कार्ड डेट का समुचित निस्तारण समय से नहीं किया जा रहा था।


इसके अतिरिक्त मुख्य रसोई में कर्मचारियों द्वारा हेड कवर, ग्लव्स एवं एप्रन का प्रयोग नहीं किया जा रहा था। पिज्जा की पैकिंग में प्रयुक्त सामग्री के खाद्य-ग्रेड होने संबंधी प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं किया गया। तैयार पिज्जा को गर्म अवस्था में परोसने के लिए प्रयुक्त कॉर्क पैड गंदी अवस्था में पाया गया। कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र, पेस्ट कंट्रोल कार्यक्रम, फूड लाइसेंस में अंकित जिम्मेदार व्यक्ति से संबंधित सूचना तथा अद्यतन फूड सेफ्टी चेकलिस्ट भी प्रस्तुत नहीं की गई।


उक्त कमियों एवं अनियमितताओं के दृष्टिगत संबंधित प्रतिष्ठानों को 14 दिवस के भीतर कमियों में सुधार कर आवश्यक अभिलेखों सहित अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित अवधि में निर्देशों का अनुपालन न किए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

आउटलेट्स में मिलीं अन्य प्रमुख कमियां:


एक्सपायरी व हाइजीन में ढिलाई: खाद्य पदार्थों की 'यूज़-बाय/डिस्कार्ड डेट' का समय पर निस्तारण न होना और पिज्जा परोसने वाले कॉर्क पैड का गंदा पाया जाना।


सुरक्षा मानकों का उल्लंघन: रसोई में कर्मचारियों द्वारा हेड कवर, ग्लव्स और एप्रन का प्रयोग न करना तथा पैकिंग सामग्री का फूड-ग्रेड प्रमाण पत्र न होना।


कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण: कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट, पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट और क्लीनिंग SOP की अनुपलब्धता।


कोरांव बाजार में मिठाइयों के कानूनी नमूने सील

1 सितंबर को विभाग की टीम ने कोरांव क्षेत्र में भी कार्रवाई की:


दीपक स्वीट हाउस एवं कंचन स्वीट हाउस (ट्रिमेंड गंज रोड): बर्फी और मिल्क केक के विधिक नमूने लिए गए।


उमाशंकर केसरवानी की दुकान (लेड़ियारी बाजार): बेसन के लड्डू का नमूना जांच के लिए लिया गया।


शौर्य स्वीट हाउस (देवरा मोड़): गंदगी मिलने पर नोटिस थमाया गया।


खाद्य विभाग के अनुसार, सभी संग्रहित नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। यदि 14 दिनों की नोटिस अवधि में आउटलेट्स ने सुधार नहीं किया, तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Hollywood Movies