प्रयागराज 05/08/2026: जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को एनआईसी कक्ष में जनपद के विकास कार्यों की व्यापक समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही और उदासीनता बरतने वाले अधिकारियों पर जिलाधिकारी का कड़ा रुख देखने को मिला। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
लापरवाही पर दो अधिशासी अभियंताओं को नोटिस
समीक्षा के दौरान विकास खण्ड श्रृंगवेरपुर में मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय के निर्माण हेतु निविदा प्रक्रिया पूर्ण होने के बावजूद कार्य शुरू न होने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। इस कार्य में हीलाहवाली के लिए अधिशासी अभियंता (यूपीसिडको) को स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा, 'जीरो पॉवर्टी योजना' के तहत 15,250 लाभार्थियों के विद्युत संयोजन का सत्यापन कार्य लंबित पाए जाने पर अधिशासी अभियंता (विद्युत नोडल) से भी जवाब-तलब किया गया है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जीरो पॉवर्टी के तहत चिन्हित सभी लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से शत-प्रतिशत संतृप्त कराया जाए।
विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं के लिए दिए गए प्रमुख निर्देश:
हेलीपैड निर्माण: जनपद में 16 स्थानों पर हेलीपैड बनाए जाने हेतु अभी तक स्थल चिन्हीकरण न होने पर नाराजगी जताते हुए अधिशासी अभियंता (पीडब्लूडी प्रांतीय खंड) को शीघ्रता से स्थल चयन प्रक्रिया पूर्ण करने का आदेश दिया।
विंध्य एक्सप्रेस-वे: अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) को एक्सप्रेस-वे से जुड़े अवशेष 23 ग्रामों की समस्त वैधानिक कार्यवाही पूर्ण कर प्रस्ताव शीघ्र भेजने के निर्देश दिए गए।
गोसंवर्धन एवं नंदिनी योजना: मुख्य पशुचिकित्साधिकारी को गोसंवर्धन योजना की दो अवशेष इकाइयों की स्थापना तत्काल पूर्ण करने तथा 'मिनी नंदिनी कृषि समृद्धि योजना' के तहत 03 लाभार्थियों के ऋण स्वीकृति में तेजी लाने के निर्देश दिए।
लखपति दीदी योजना: डीसी एनआरएलएम को 'लखपति दीदी' चयन प्रक्रिया में तेजी लाते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने को कहा गया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी श्री संतोष कुमार सहित विभिन्न संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

