मनियर में तेज रफ्तार फोर व्हीलर ने बाइक को मारी टक्कर, युवक गंभीर रूप से घायल; चालक वाहन लेकर फरार
Type Here to Get Search Results !

Recent Tube

मनियर में तेज रफ्तार फोर व्हीलर ने बाइक को मारी टक्कर, युवक गंभीर रूप से घायल; चालक वाहन लेकर फरार


बलिया मनियर (उत्तर प्रदेश) प्रदीप बच्चन (ब्यूरो चीफ) 

 मनियर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम करीब 7:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। केनरा बैंक शाखा के समीप एक तेज रफ्तार फोर व्हीलर ने एक दोपहिया वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि हादसे के तुरंत बाद फोर व्हीलर चालक अपने वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

 स्थानीय लोगों ने दिखाई मानवता, कराया अस्पताल में भर्तीप्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक उछलकर सड़क पर काफी दूर जा गिरा। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए तुरंत लहूलुहान युवक को उठाया और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) मनियर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद युवक की नाजुक हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल बलिया के लिए रेफर कर दिया।

विजिटिंग कार्ड से हुई घायल की पहचान

हादसे के बाद घायल युवक की जेब से ढलाई कार्य में इस्तेमाल होने वाली 'हरे राम यादव की लिफ्टिंग मशीन' का एक विजिटिंग कार्ड मिला। कार्ड पर दर्ज नंबर पर संपर्क करने पर घायल की शिनाख्त कल्लू राजभर (35 वर्ष) पुत्र सतन राजभर, निवासी दया छपरा (थाना बैरिया, जनपद बलिया) के रूप में हुई। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, कल्लू ढलाई कार्य की लिफ्टिंग मशीन पर काम करता है और किसी काम के सिलसिले में मनियर आया हुआ था।


पुलिस जांच में जुटी, फरार चालक की तलाश जारी

दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों की मदद से फरार वाहन व उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Hollywood Movies