प्रदीप बच्चन (ब्यूरो चीफ)
नित्यानंद सिंह (जिला संवाददाता)
बलिया (यूपी) थाना कोतवाली क्षेत्र के शिवरामपुर घाट पर रविवार सुबह एक हृदयविदारक हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। जानकारी के अनुसार दिनांक 03 मई 2026 को सुबह लगभग 7:30 बजे चार युवक-युवतियां गंगा नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक युवती का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जाने लगी। उसे बचाने के लिए उसकी बड़ी बहन नदी में उतरी और वह भी डूबने लगी। बगल में मुंडन संस्कार का कार्यक्रम चल रहा था। दोनों बहनों को नदी में डूबते देख दो युवकों ने उन्हें बचाने के लिए जैसे ही नदी में गए कि दुर्भाग्यवश वे भी पानी के तेज बहाव और गहराई की चपेट में आ गए और देखते ही देखते चारों नदी में डूब गए।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और घाट पर मौजूद मछुआरों ने बिना समय गंवाए बचाव कार्य शुरू कर दिया और नदी में उतरकर चारों युवक/युवतियों की तलाश करने लगे। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ (State Disaster Response Force) की टीम को भी गोरखपुर से बुलाया है, जो अत्याधुनिक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचकर खोज एवं बचाव कार्य को और तेज करेगी। पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती कर दी गई है, जिससे मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है और लोगों की भीड़ को नियंत्रित किया जा रहा है।
क्षेत्राधिकारी नगर मो0 उस्मान ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और बताया कि सभी संबंधित एजेंसियां समन्वय के साथ कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्राथमिकता चारों को जल्द से जल्द खोज निकालने की है, इसके लिए हर संभव प्रयास किए गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना इतनी अचानक हुई कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला। कुछ ही पलों में चारों पानी में समा गए। इस घटना के बाद घाट पर मातम और दहशत का माहौल है, वहीं परिजनों को सूचना दिए जाने की प्रक्रिया भी जारी है।
फिलहाल, पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि नदी में स्नान करते समय सतर्कता बरतें और गहरे पानी में जाने से बचें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
तलाश के क्रम में:
1.हर्षिता चौहान(15), 2.अरुण चौहान(18) एवं 3.नंदिता चौहान (12)4.अर्जुन चौहान(15) के शव बरामद कर लिए गए हैं। सभी शवों को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
एसडीआरएफ, फायर ब्रिगेड एवं स्थानीय गोताखोरों की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही थी।
मौके पर पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम है। प्रशासन द्वारा परिजनों को सूचना दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
