युवा उद्योग व्यापार मंडल की मांग पर अथक प्रयास से कोल्हुई में सुलभ शौचालय, आरसीसी सड़क निर्माण कार्य शुरू, तिरंगा लाइटें भी हुईं दुरुस्त।
कोल्हुई, महाराजगंज। उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष प्रिन्स जायसवाल द्वारा कोल्हुई बाजार की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर जिलाधिकारी महाराजगंज को दिए गए ज्ञापन का असर अब धरातल पर दिखाई देने लगा है।
जिलाध्यक्ष प्रिन्स जायसवाल ने जिलाधिकारी महोदय से कोल्हुई बाजार में सुलभ शौचालय निर्माण, मोहम्मद नईम के मकान से मिथलेश कुमार बरनवाल के खेत तक आरसीसी सड़क निर्माण तथा कोल्हुई बाजार स्थित हाईवे डिवाइडर पर लगी खराब तिरंगा स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने की मांग किया था।
जिलाधिकारी महोदय के निर्देश के क्रम में विकास खंड बृजमनगंज के खंड विकास अधिकारी के. के. शुक्ला द्वारा उक्त मांगों को क्षेत्र पंचायत की कार्ययोजना में शामिल किया गया। इसके उपरांत कोल्हुई बाजार के मुख्य बाजार क्षेत्र में सुलभ शौचालय एवं आरसीसी सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ करा दिया गया है।
निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे खंड विकास अधिकारी बृजमनगंज के. के. शुक्ला ने उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष प्रिन्स जायसवाल के साथ मौके का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जिलाध्यक्ष प्रिन्स जायसवाल को आश्वासन दिया कि सुलभ शौचालय एवं आरसीसी सड़क का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराकर क्षेत्रवासियों और व्यापारियों को इन समस्याओं से राहत दिलाई जाएगी।
खंड विकास अधिकारी ने यह भी जानकारी दी कि कोल्हुई बाजार के हाईवे डिवाइडर पर लगी सभी खराब तिरंगा स्ट्रीट लाइटों को भी दुरुस्त करा दिया गया है, जिससे रात्रि के समय आवागमन सुगम एवं सुरक्षित हो सकेगा।
इस अवसर पर व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी महाराजगंज, खंड विकास अधिकारी बृजमनगंज तथा युवा उद्योग व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष प्रिन्स जायसवाल एवं उनकी टीम द्वारा किए गए अथक प्रयासों की सराहना करते हुए जनहित के कार्यों को शीघ्र अमल में लाने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
