जब पत्रकार बने खिलाड़ी:मीडिया ओलंपिक सीजन-3 में मैदान से उठी खेल भावना की गूंज।
Type Here to Get Search Results !

Advertisement

Acrc institute Acrc instituteAcrc institute

Recent Tube

जब पत्रकार बने खिलाड़ी:मीडिया ओलंपिक सीजन-3 में मैदान से उठी खेल भावना की गूंज।



लखनऊ, 7 फरवरी 2026: जो लोग रोज़ाना खबरों के मैदान में सत्ता, सिस्टम और समाज से जूझते हैं, वही पत्रकार शनिवार को केडी सिंह बाबू स्टेडियम में खेल के मैदान में उतरे। मीडिया ओलंपिक सीजन-3 का आगाज़ सिर्फ एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि पत्रकारों और उनके परिवारों की छुपी हुई खेल प्रतिभा का उत्सव बन गया। एथलेटिक्स, कैरम और बैडमिंटन की स्पर्धाओं ने पहले ही दिन आयोजन को रोमांच से भर दिया।


एथलेटिक्स ट्रैक पर सबसे तेज़ कदमों का मुकाबला देखने को मिला, जहां हर्ष पाण्डेय, वाजीहा फातिमा और सौरभ शर्मा ने फर्राटा चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। उम्र और वर्ग की सीमाएं यहां कहीं बाधा नहीं बनीं—अंडर-10 से लेकर 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग तक, हर दौड़ में जोश और प्रतिस्पर्धा बराबर दिखी।



कैरम बोर्ड पर सटीक निशाने और रणनीति का खेल चला। महिला अंडर-35 वर्ग में प्रज्ञा सिंह ने प्राची यादव को पराजित कर चैंपियन बनने का खिताब अपने नाम किया। पुरुष 35 वर्ष से अधिक वर्ग में अमन अग्रवाल पहले और अमित सिंह दूसरे स्थान पर रहे। बालक अंडर-16 वर्ग में अचिंत्य कुमार शाही ने शानदार प्रदर्शन कर पहला स्थान हासिल किया, जबकि शिवांश तिवारी दूसरे स्थान पर रहे। पुरुष अंडर-35 वर्ग में नीलांश गुप्ता ने आदर्श यादव को पीछे छोड़ते हुए बाज़ी मारी।


बैडमिंटन कोर्ट पर रफ्तार और फुर्ती का संगम दिखा। पुरुष 35 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में आशीष प्रजापति पहले, शादाब आलम दूसरे और सीएस आज़ाद तीसरे स्थान पर रहे। अंडर-20 वर्ग में बालकों में शिवांश और बालिकाओं में गौरी तिवारी ने विजेता ट्रॉफी पर कब्ज़ा जमाया।


मीडिया ओलंपिक संघ और ‘द इंडियन व्यू’ मासिक पत्रिका के तत्वावधान में आयोजित इस खेल महाकुंभ का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) आबकारी एवं मद्य निषेध विभाग नितिन अग्रवाल ने किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों को लगातार बढ़ावा दे रही है और ‘खेलो इंडिया गेम्स’ जैसे आयोजनों ने देश के खेलों को नई पहचान दी है। मीडिया ओलंपिक, मीडिया कर्मियों और उनके परिवारों के लिए ऐसा मंच है, जहां उनकी खेल प्रतिभा सामने आती है।


लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि जो पत्रकार दिन-रात खबरों में व्यस्त रहते हैं, उनका मैदान में उतरकर खेल भावना का प्रदर्शन करना समाज के लिए सकारात्मक संदेश है।


उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री के सूचना सलाहकार मृत्युंजय कुमार, खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह, उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय और इंडो-अमेरिकन चैंबर ऑफ कॉमर्स, उत्तर प्रदेश चैप्टर के चेयरमैन मुकेश बहादुर सिंह की मौजूदगी ने आयोजन की गरिमा और बढ़ा दी।


आयोजन सचिव राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मीडिया ओलंपिक का रोमांच यहीं थमने वाला नहीं है। रविवार को फुटबॉल शूटआउट, रस्साकसी, मेडिसिन बॉल थ्रो, शतरंज, बैडमिंटन और एथलेटिक्स की अन्य स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी।


एथलेटिक्स में 35 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की 100 मीटर दौड़ में आशीष प्रजापति पहले, सीएस आज़ाद दूसरे और शादाब आलम तीसरे स्थान पर रहे। 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की 50 मीटर दौड़ में विजय पाण्डेय ने पहला, नजम हसन ने दूसरा और अरुण कुमार ने तीसरा स्थान हासिल किया।

अंडर-20 वर्ग की 50 मीटर दौड़ में नीलांश पहले और आदर्श दूसरे स्थान पर रहे, जबकि अंडर-10 वर्ग की 50 मीटर दौड़ में सुयश ने पहला और अभिलाषा ने दूसरा स्थान हासिल किया।

अंडर-20 वर्ग की 100 मीटर दौड़ में हर्ष पाण्डेय और वाजीहा फातिमा अव्वल रहे। वहीं 35 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की 100 मीटर दौड़ में सौरभ शर्मा पहले, अनूप सिंह दूसरे और राजन गौतम तीसरे स्थान पर रहे।


इस आयोजन के दौरान वरिष्ठ पत्रकार सुरेश बहादुर सिंह, प्रद्युम्न तिवारी, प्रेमकांत तिवारी, रत्नाकर सिंह, अखंड प्रताप सिंह, अनंत मिश्रा, ज्ञानेंद्र शुक्ला, अखिलेश, मयंक, नावेद शिकोह, राजीव तिवारी बाबा, विमल पाठक, जितेंद्र शुक्ला, तमन्ना फरीदी, राम प्रकाश राय, रविंद्र शर्मा, विद्याशंकर राय, रंजीत कुमार, मिथिलेश तिवारी और पंकज चतुर्वेदी सहित बड़ी संख्या में पत्रकारों की मौजूदगी ने इस खेल महाकुंभ को यादगार बना दिया।


मीडिया ओलंपिक सीजन-3 का पहला दिन यह साफ संदेश देकर गया कि पत्रकार सिर्फ खबरों के सिपाही ही नहीं, बल्कि खेल के मैदान में भी पूरे जोश और जुनून के साथ उतरने का माद्दा रखते हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Hollywood Movies