गोंडा में आयोजित ‘मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद’ कार्यक्रम के दौरान एक वृद्धा की दर्दभरी आपबीती ने सभी को भावुक कर दिया। 75 वर्ष से अधिक उम्र की सुशीला देवी, जो आंखों से देख नहीं पातीं और शारीरिक रूप से भी बेहद कमजोर हैं, अपनी जमीन पर हुए कब्जे की शिकायत लेकर मंडलायुक्त कार्यालय पहुंचीं।
सुशीला देवी ने बताया कि वे श्रावस्ती जिले की इकौना तहसील के पंडितपुरवा गांव की निवासी हैं। उनके मुताबिक कुछ दबंगों ने उनकी जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया है और अब वहां निर्माण भी कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वे कई बार स्थानीय स्तर पर शिकायत कर चुकी हैं, लेकिन कहीं से कोई मदद नहीं मिली। अपनी पीड़ा बताते हुए वृद्धा भावुक हो गईं, जिन्हें वहां मौजूद महिला कर्मियों ने संभालकर बैठाया।
⸻
📄 कागजात होने के बावजूद कब्जा
पीड़िता ने बताया कि जमीन से जुड़े सभी वैध दस्तावेज उनके नाम पर हैं, लेकिन दृष्टिहीन होने और परिवार में किसी सहारे के अभाव में वे खुद अपनी लड़ाई नहीं लड़ पा रहीं। उन्होंने कांपते हाथों से अपना प्रार्थनापत्र अपर आयुक्त मीनू राणा को सौंपा।
⸻
📞 अधिकारियों ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
पीड़िता की बात सुनकर अपर आयुक्त मीनू राणा भी भावुक हो गईं। उन्होंने तत्काल एसडीएम इकौना से फोन पर बात कर कब्जा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
वहीं मंडलायुक्त शशिभूषण लाल सुशील ने संबंधित अधिकारियों को मामले का शीघ्र निस्तारण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने आश्वासन दिया कि पीड़ितों को डरने की जरूरत नहीं है और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
⸻
🧾 कार्यक्रम में कई शिकायतों का निस्तारण
‘शक्ति संवाद’ कार्यक्रम में कुल 17 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 2 मामलों का मौके पर समाधान किया गया, जबकि शेष 15 प्रकरणों को संबंधित विभागों को भेजा गया।
कार्यक्रम के दौरान मिश्रौलिया कानूनगो निवासी मीना के राशन कार्ड में छूटे परिवार के सदस्यों के नाम भी तत्काल जोड़ दिए गए।
⸻
मंडलायुक्त ने कहा कि मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद का उद्देश्य पीड़ित महिलाओं को तेज और प्रभावी न्याय दिलाना है, ताकि उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर प्रभारी चेतना सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे।
गोण्डा से ब्यूरो रिपोर्ट शिव शरण
