प्रदीप बच्चन (ब्यूरो चीफ)
नित्यानंद सिंह जिला संवाददाता
बलिया (यूपी) अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नगरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार की रात चेकिंग के दौरान पुलिस से मुठभेड़ में जनपद के विभिन्न थानों में वांछित चल रहा शातिर बदमाश गिरफ्तार कर लिया गया। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस के अनुसार रात करीब 9:43 बजे खरूआंव पोखरे के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह भागने लगा। घेराबंदी के दौरान बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में बदमाश रुदल नट पुत्र तुफानी नट निवासी नकहरा थाना गड़वार घायल हो गया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर मंदिरों व विद्यालयों में चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दिया था। आरोपी के कब्जे से एक नाजायज तमंचा, कारतूस और सफेद धातु का टुकड़ा बरामद किया गया है। घायल बदमाश का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगरा में चल रहा है। पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
