कौशल के साथ फिटनेस पर जोर, राज्य स्तरीय आईटीआई खेल प्रतियोगिता का भव्य समापन
Type Here to Get Search Results !

Recent Tube

कौशल के साथ फिटनेस पर जोर, राज्य स्तरीय आईटीआई खेल प्रतियोगिता का भव्य समापन

 


लखनऊ, 22 फरवरी 2026

प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल के निर्देशन मे राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों की राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता का समापन के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम, लखनऊ में सम्पन्न हुआ। समापन समारोह में विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम एवं निदेशक प्रशिक्षण अभिषेक सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान किए।


समारोह को संबोधित करते हुए प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन और मंत्री कपिल देव अग्रवाल के नेतृत्व में आईटीआई प्रशिक्षार्थियों के लिए पहली बार इस प्रकार की राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता आयोजित की गई है। उन्होंने कहा कि कौशल विकास के साथ शारीरिक फिटनेस भी आवश्यक है, क्योंकि स्वस्थ प्रशिक्षार्थी ही उद्योगों में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि आने वाले वर्षों में निजी आईटीआई को भी शामिल करते हुए प्रतियोगिता को और व्यापक बनाया जाएगा।


उन्होंने जानकारी दी कि बीते चार माह में जनपद और मंडल स्तर पर चयन प्रक्रिया के बाद लगभग 4000 प्रशिक्षार्थियों ने 12 खेलों में भाग लिया, जिनमें से करीब 600 खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता तक पहुंचे। तीन दिवसीय इस आयोजन में छात्र-छात्राओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन प्रशिक्षार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और संस्थानों में उपस्थिति बढ़ाने में सहायक सिद्ध होंगे तथा छात्राओं के लिए यह आत्मविश्वास बढ़ाने का महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ है।


निदेशक प्रशिक्षण अभिषेक सिंह ने कहा कि मंत्री कपिल देव अग्रवाल एवं प्रमुख सचिव के मार्गदर्शन में आयोजित यह पहली राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता भविष्य में प्रत्येक वर्ष और बेहतर स्वरूप में आयोजित की जाएगी। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता में विभागीय अधिकारियों, तकनीकी निदेशालय तथा राजकीय आईटीआई अलीगंज के नोडल अधिकारियों के योगदान की सराहना की।


इस राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता कार्यक्रम को सफल बनाने के लिये डी. के. सिंह, निदेशक (प्राविधिक) एवं मयंक गंगवार, संयुक्त निदेशक, एससीवीटी तथा राज कुमार यादव, नोडल प्रधानाचार्य राजकीय आईटीआई अलीगंज का विशेष योगदान रहा। 


राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता समापन कार्यक्रम में मुख्य रूप से अतिरिक्त निदेशक, मानपाल सिंह, राजेन्द्र प्रसाद अतिरिक्त निदेशक, योगेन्द्र सिंह, संयुक्त निदेशक, अनिल वर्मा, संयुक्त निदेशक, ए.के राणा, संयुक्त निदेशक बी.वी. सिंह, संयुक्त निदेशक, अरविन्द कुमार संयुक्त निदेशक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहें।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Hollywood Movies