लखनऊ: 14 जुलाई, 2025
प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही द्वारा विधान भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष में प्रदेश के सभी जनपदों में हो रही वर्षा की स्थिति की समीक्षा की गई तथा कम वर्षा वाले जनपदों में खरीफ की बुआई सुचारू रूप से हो सके इसके लिए सिंचाई तथा विद्युत विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कृषि मंत्री शाही ने बताया कि प्रदेश के 12 जिलों मे सामान्य वर्षा 190.4 मिमी के सापेक्ष 199.9 मिमी वर्षा हुई है। 28 जनपदों में 120 प्रतिशत से अधिक वर्षा हुई है जबकि 15 जनपदों में 80 से 120 प्रतिशत, 16 जनपदों में 60 से 80 प्रतिशत वर्षा हुई है। 07 जनपदों में 40 से 60 प्रतिशत तथा 09 जनपदों में 40 प्रतिशत से कम वर्षा हुई है। सबसे कम वर्षा वाले इन 09 जनपदों में शामिल हैं-संतकबीरनगर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, अंबेडकरनगर, जौनपुर, गौतमबुद्धनगर, कुशीनगर तथा देवरिया। उन्होंने बताया कि सबसे कम वर्षा देवरिया जनपद में हुई है।
कम वर्षा के कारण किसानों को खरीफ बुआई में कोई व्यवधान न हो इसके लिए उन्होंने मुख्य अभियंता सिंचाई को निर्देशित किया कि कम वर्षा वाले उक्त जनपदों में सिंचाई के लिए पर्याप्त जल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता को भी निर्देशित किया कि किसानों को सिंचाई हेतु समय पर समुचित मात्रा में विद्युत सप्लाई की जाए।