भामाशाह जयंती पर प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा के आह्वान पर जनपद युवा उद्योग व्यापार मंडल की अगवाई में कोल्हुई उद्योग व्यापार मंडल द्वारा कोल्हुई-परसौना क्षेत्र में 101 वरिष्ठ व्यापारियों का सम्मान अभियान
जिलाध्यक्ष प्रिन्स जायसवाल ने कहां कि अभी आगे भी जारी रहेगा सम्मान समारोह
कोल्हुई/महराजगंज। दानवीर भामाशाह जी की जयंती के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष श्री मुकुंद मिश्रा के आह्वान पर प्रदेशभर में वरिष्ठ व्यापारियों के प्रतिष्ठानों एवं आवासों पर पहुंचकर उनका सम्मान करने का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद उद्योग व्यापार मंडल, महाराजगंज के जिलाध्यक्ष श्री सुरेश रुंगटा एवं वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष श्री नदीम अहमद अब्बासी के मार्गदर्शन में कोल्हुई उद्योग व्यापार मंडल तथा उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल, जनपद महाराजगंज की संयुक्त टीम द्वारा कोल्हुई-परसौना क्षेत्र में चार चरणों में भव्य सम्मान अभियान संचालित किया गया।
उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल, जनपद महाराजगंज के जिलाध्यक्ष प्रिन्स जायसवाल ने बताया कि संगठन द्वारा अब तक चार चरणों में 101 वरिष्ठ व्यापारियों को उनके प्रतिष्ठानों एवं आवासों पर पहुंचकर माल्यार्पण, अंगवस्त्र (पटका) एवं प्रशस्ति-पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रथम एवं द्वितीय चरण में कोल्हुई-परसौना के मुख्य हाईवे बाजार के लगभग 60 वरिष्ठ व्यापारियों, तृतीय चरण में कोल्हुई-लोटन मार्ग के 25 वरिष्ठ व्यापारियों तथा चतुर्थ चरण में कोल्हुई-बृजमनगंज मार्ग के लगभग 16 वरिष्ठ व्यापारियों को सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि वरिष्ठ व्यापारी अपने परिश्रम, ईमानदारी, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के बल पर समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते रहे हैं। ऐसे अनुभवी एवं सम्मानित व्यापारियों का सम्मान करना संगठन का नैतिक दायित्व है तथा युवा पीढ़ी को उनके जीवन मूल्यों एवं संघर्षों से प्रेरणा लेने का अवसर भी प्रदान करता है।
जिलाध्यक्ष प्रिन्स जायसवाल ने कहा कि दानवीर भामाशाह का जीवन त्याग, राष्ट्रसेवा, स्वाभिमान एवं समाजहित की सर्वोच्च मिसाल है। उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने तथा व्यापारियों के सम्मान की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यह अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि भामाशाह जयंती के उपलक्ष्य में आगे भी वरिष्ठ व्यापारियों के सम्मान समारोह एवं सम्मान अभियान निरंतर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक वरिष्ठ व्यापारियों का सम्मान कर उनके योगदान को नई पीढ़ी के समक्ष प्रस्तुत किया जा सके।
इस सम्मान अभियान में कोल्हुई उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष दयाराम मोदनवाल, कोषाध्यक्ष हरिराम जायसवाल, उपाध्यक्ष संतोष वर्मा, सलाहकार लालजी वर्मा, नगर पदाधिकारी संतराम वर्मा, ओमप्रकाश यादव, पीयूष कुमार कसौधन, पूर्व नगर उपाध्यक्ष घरभरन मद्धेशिया, पूर्व कोषाध्यक्ष दुर्गा मद्धेशिया, उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष प्रिन्स जायसवाल, महामंत्री सुनील सिंह, महासचिव नफीस अंसारी, युवा नगर प्रभारी दिलीप वर्मा, पूर्व युवा नगर संरक्षक शुभम पटवा, युवा नगर संरक्षक तुफैल खान सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं क्षेत्र के सम्मानित व्यापारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सम्मानित वरिष्ठ व्यापारियों ने संगठन के इस अभिनव सम्मान अभियान की सराहना करते हुए इसे व्यापारी समाज के सम्मान, संगठनात्मक एकता तथा नई पीढ़ी में सेवा एवं समर्पण की भावना विकसित करने की दिशा में एक प्रेरणादायी एवं सराहनीय पहल बताया।

