कालीखोह में रोपवे कर्मी की पुलिस ने की पिटाई, निरीक्षक निलंबित
Type Here to Get Search Results !

Recent Tube

कालीखोह में रोपवे कर्मी की पुलिस ने की पिटाई, निरीक्षक निलंबित

विंध्याचल:  पहाड़ी पर स्थित कालीखोह रोप वे पर रविवार को दोपहर में साइड करने की बात कहने पर निरीक्षक ने रोपवे कर्मी की लात घूसों से पिटाई कर दी। इसके बाद कंट्रोल रूम में घुस गए। अन्य पुलिसकर्मियों ने पिटाई करने वाले निरीक्षक को समझाया। उधर, पिटाई से आक्रोशित अन्य कर्मचारियों ने रोपवे का संचालन बंद कर दिया। सीसीटीवी में सब रिकार्ड हो गया। पिटाई का वीडियो भी वायरल हो गया। रोपवे कर्मियों के आक्रोश और वीडियो वायरल होने पर पुलिस की किरकिरी होते देख पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने निरीक्षक को निलंबित कर दिया। उन्होंने इस मामले की जांच अपर पुलिस अधीक्षक नगर को सौंपी है। कार्रवाई के दो घंटे बाद रोपवे का संचालन शुरू हुआ। मुख्यमंत्री ने मिर्जापुर में नवरात्र मेला की तैयारी की समीक्षा के दौरान पुलिस को अच्छा व्यवहार करने और इसके लिए ड्यूटी से पहले प्रशिक्षण देने का निर्देश दिया था। विंध्याचल नवरात्र मेला शुरू होने से पहले बैठक कर पुलिसकर्मियों को शांत स्वभाव से ड्यूटी करने का पाठ पढ़ाया गया, परंतु नवरात्र के पांचवें दिन एक पुलिसकर्मी ने आखिरकार अपना आपा खो दिया। मामला कालीखोह के पास बने रोपवे का है। जहां रविवार को शाम करीब सवा चार बजे एक निरीक्षक ने रोपवे कर्मी की लात घूसों से पिटाई कर दी।
बताया कि पुलिसकर्मी को किनारे होने के लिए कहा गया तो पिटाई करने लगे। रोपवे मालिक और प्लांट प्रभारी अनिल सिंह ने बताया कि निरीक्षक वीरेंद्र सिंह कुछ अधिकारियों को लेकर आए। रोपवे से यात्रियों को बाहर निकालते समय कर्मचारी ने निरीक्षक को किनारे होने के लिए कहा तो उसकी लात घूसों से पिटाई कर दी। कंट्रोल रूम में घुस गए। इससे कर्मचारियों में आक्रोश है। उन्होंने आरोप लगाया कि 100 लोग जो लाइन में लगे थे, वे चले गए। रोपवे का संचालन बंद कर दिया गया।
प्लांट इंचार्ज ने बताया कि पुलिस और अधिकारियों को रोपवे में फ्री सेवा दी जाती है। इसके बाद भी उनके कर्मचारियों को सम्मान नहीं दिया जा रहा है। पर्यटन अधिकारी को सूचना दी गई। मामला सीसीटीवी में रिकार्ड हो गया। वीडियो वायरल होने पर पुलिस अधीक्षक ने मामले को संज्ञान में लेकर निरीक्षक वीरेंद्र सिंह को निलंबित कर दिया। मामले की जांच एएसपी सिटी को सौंपी है। अपर पुलिस अधीक्षक श्रीकांत प्रजापति का कहना है कि रोपवे कर्मचारी की पिटाई किए जाने के मामले में पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने निरीक्षक वीरेंद्र सिंह को निलंबित कर दिया है। मामले की जांच की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Hollywood Movies