प्रयागराज: कौशांबी जनपद में पिछले दिनों घर के भीतर महिला की दुष्कर्म के बाद हत्या की वारदात अंजाम देकर फरार अपराधी मुश्ताक के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पश्चिम शरीरा के कटरी गांव के यमुना कछार में मुठभेड़ के दौरान मुश्ताक के पैर में गोली लगी और वह गिर गया। मौके पर पुलिस को अवैध हथियार और कारतूस मिले। इस घटना में शामिल बाकी दो अपराधियों को पहले ही पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। करारी इलाके का मुश्ताक फरार चल रहा था जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। गोली से घायल अपराधी को पुलिस ले गई अस्पताल
गोली लगने से घायल मुश्ताक को पुलिस उठाकर जिला अस्पताल ले गई। सीओ मंझनपुर केजी सिंह के नेतृत्व में हुए पुलिस एनकाउंटर के बाद मौके पर एसपी हेमराज मीणा समेत कई पुलिस अधिकारी पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली। महिला की दुष्कर्म के बाद हत्या के बाद से पुलिस की कई टीम मुश्ताक की तलाश में लगी थी। वह लगातार ठिकाने बदल रहा था।
गुरुवार सुबह पुलिस को खबर मिली कि वह पश्चिम शरीरा के कटरी में छिपा है तो उसे घेर लिया गया। पुलिस को देखकर वह गोली चलाकर भागने लगा तो बचाव में पुलिस ने भी फायरिंग की जिससे उसके पैर में गोली लगी। पश्चिम शरीरा इलाके में महिला 25 मार्च की रात खाना खाने के बाद पीछे वाले कमरे में सो रही थी। इस बीच गला रेतकर उसकी हत्या कर दी गई। दूसरे दिन सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पति की तहरीर पर अज्ञात कातिलों के खिलाफ केस दर्ज किया। मामले की जांच कर रही पुलिस ने आधा दर्जन लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि चित्रकूट के मऊ बियावल निवासी दीपक साहू, मुश्ताक निवासी मोलानी करारी गांव में काफी समय से रहते हैं।
इन दोनों के अलावा अमीना गांव के ही भोला की भूमिका संदेह के दायरे में आई। दीपक व भोला की धर-पकड़कर तीन दिन पहले पूछताछ की तो उन्होंने हत्या का जुर्म कबूल कर लिया। साथ ही यह भी बताया कि वह लूट की नीयत से घर में घुसे थे। पहचान होने के कारण महिला की हत्या करना पड़ा। यही नहीं, आरोपितों ने पुलिस को यह भी बताया कि मुश्ताक ने दुष्कर्म भी किया था।

