जिलाधिकारी की अध्यक्षता में वृक्षारोपण की तैयारियों के सम्बंध में बैठक सम्पन्न
*जिलाधिकारी ने सभी सम्बंधित विभागों को सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने के दिए निर्देश*
*जिलाधिकारी ने वृक्षारोपण के पश्चात उनकी जिओ टैगिंग कराकर हरितिमा एप पर अवश्य अपलोड करने के दिए निर्देश*
प्रयागराज 08 जुलाई।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह व प्रभागीय वनाधिकारी श्री अरविंद कुमार यादव की उपस्थिति में बुधवार को संगम सभागार में 12 जुलाई को आयोजित होने वाले वृहद वृक्षारोपण की तैयारियों के सम्बंध में जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक आयोजित की गयी। बैठक में जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी अधिकारियों से कहा कि प्रकृति हमारी मां है, उसकी सेवा करना हमारा मुख्य धर्म है। अतः इस कार्य को सिर्फ विभागीय जिम्मेदारी के रूप में नहीं बल्कि प्रकृति के संरक्षण हेतु महाअभियान के रूप में मनाते हुए ज्यादा से ज्यादा लोगो को वृक्षारोपण हेतु जागरूक करते हुए वृक्षारोपण कराये जाने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण ही नहीं अपितु उनको बचाना हमारी मुख्य प्राथमिकता है। प्रभागीय वनाधिकारी ने बताया कि जुलाई माह में कुल 71,05300 पौधो का रोपण किया जाना है, जिसमें सर्वाधिक लक्ष्य वन विभाग का 24 लाख एवं ग्राम विकास विभाग 23.72 लाख है।
बैठक में जिलाधिकारी ने जुलाई में होने वाले वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम हेतु की गयी तैयारियों के सम्बंध में उपस्थित सभी अधिकारियों से उनके द्वारा वृक्षारोपण हेतु चिन्हित स्थलों, चिन्हित स्थल की एरिया, वृक्षारोपण हेतु लक्ष्य के सापेक्ष खोदे गये गड्ढ़ों की संख्या, प्रत्येक चिन्हित स्थल पर कितना वृक्षारोपण होगा आदि के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त करते हुए वृक्षारोपण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए है। उन्होंने सभी अधिकारियों को स्थानीय नर्सरी से समन्वय कर अच्छे गुणवत्ता के बड़े पौधों की उठान अभी से कराये जाने के लिए कहा है, जिससे सभी पौधे सुरक्षित रूप से पहुंच जाये। उन्होंने सभी पौधों के व्यवस्थित व सुरक्षित उठान व रोपण की व्यवस्था करने के निर्देश दिए है। जिलाधिकारी ने सभी सम्बंधित अधिकारियों से वृक्षारोपण के पश्चात उनकी जिओ टैगिंग कराकर हरितिमा एप पर अवश्य अपलोड किया जाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है। जिलाधिकारी ने कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं है।
उन्होंने मियावाकी पद्धति से वृक्षारोपण हेतु ग्रामीण क्षेत्रों में चयनित 150 मियावाकी साइटों पर होने वाले वृक्षारोपण के स्थानों पर विभिन्न प्रजातियों के मजबूत पौधे उपलब्ध कराने, स्थानों की फेन्शिंग कराने, सिंचाई की बेहतर व्यवस्था करने एवं रख-रखाव हेतु मैनपॉवर की व्यवस्था व वृक्षारोपण के पूर्व मृदा की तैयारी का कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए है। जिलाधिकारी ने रोपित पौधों की शत-प्रतिशत जिओ टैगिंग कराये जाने के निर्देश दिए है।
बैठक में जिलाधिकारी ने वृक्षारोपण अभियान को एक महाअभियान के रूप में लेते हुए वृक्षारोपण हेतु बड़े-बड़े क्षेत्र चिन्हित करने के निर्देश दिए है। उन्होंने इस अभियान में सभी को जोड़े जाने के लिए कहा है। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को सभी प्रधानों के साथ, बेसिक शिक्षा अधिकारी को सभी प्राथमिक व जूनियर विद्यालयों के शिक्षकों के साथ, जिला विद्यालय निरीक्षक को सभी सरकारी व प्राइवेट विद्यालयों के शिक्षकों को, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी को डिग्री कालेजों के प्राचार्य के साथ ऑनलाइन माध्यम से जिलाधिकारी के साथ बैठक कराये जाने के लिए कहा है। जिलाधिकारी ने वृहद वृक्षारोपण अभियान को सफल बनाने के दृष्टिगत सम्बंधित विभागों को विभिन्न संगठनों के साथ बैठक कर उन्हें अभियान से जोड़ने के लिए कहा है। उन्होंने जिलाधिकारी की अध्यक्षता में इस सम्बंध में उद्योग, व्यापार, श्रम, किसान, पेट्रोल पम्प, ईट भट्टा एवं अन्य सभी संगठनों की बैठक आयोजित कराये जाने के लिए कहा है। उन्होंने इस वृक्षारोपण महाअभियान में सभी जन प्रतिनिधियों को सम्मिलित करते हुए जनआंदोलन के रूप में वृक्षारोपण कार्यक्रम कराये जाने के लिए कहा है। उन्होंने सभी सीएचसी/पीएचसी में वृक्षारोपण कराये जाने के लिए कहा है। उन्होंने सड़कों का चयन कर एक ही प्रजाति के बड़े पौधे रोपित कर एक थीम पर पौधरोपण के लिए कहा है।
बैठक में जिलाधिकारी ने इंडस्ट्रिज में उनके द्वारा लगाये जाने वाले पौधों के सम्बंध में की गयी तैयारियों बारे में जानकारी ली और कहा कि सभी औद्योगिक प्रतिष्ठानों में वृक्षारोपण अनिवार्य है, यदि जमीन की उपलब्धता में कोई परेशानी हो, तो उन्हें पौधरोपण हेतु सरकारी जमीन की उपलब्ध करायी जायेगी। उन्होंने पीडब्लूडी के अधिकारियों से एनएच, यूपीडा, नेशनल हाईवे से समन्वय कर पौधरोपण के सम्बंध में उनकी कार्ययोजना लेकर तद्नुसार पौधरोपण कराये जाने तथा उन्हें सुरक्षित रखने का फूलप्रूफ इंतजाम करने के लिए कहा है। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को विस्तारित क्षेत्रों में जहां पर कम पौधे लगे है, वहां पर ज्यादा पौधे लगाये जाने तथा सड़क के किनारे जहां पर भी पौधे लगाने योग्य स्थान है, वहां पर पौध रोपण के निर्देश दिए है। उन्होंने पर्यावरण के प्रति जागरूकता के लिए पीए सिस्टम, डिस्पले बोर्ड, सोशल मीडिया के माध्यम से वृहद वृक्षारोपण अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के लिए कहा है। उन्होंने सभी सम्बंधित विभागों को अपने अच्छे कार्यों की स्टोरी, फोटोग्राफ उपलब्ध कराने के लिए कहा है। उन्होंने सभी खण्ड विकास अधिकारियों को अपने क्षेत्र में वृक्षारोपण अभियान कार्यक्रम आयोजित करने तथा उन कार्यक्रमों में मा0 जनप्रतिनिधियों को अवश्य शामिल करने के लिए कहा है।
इस अवसर पर सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
