
प्रयागराज: मार्निंग वाक के दौरान महिला की चेन छीनने वाले बदमाश को पड़ोसी जनपद रायबरेली में पुलिस मुठभेड़ में गोली लग गई। उसकी फोटो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुई तो महिला ने उसे पहचान लिया। इसके बाद स्थानीय पुलिस सक्रिय हो गई है। कुंडा पुलिस का कहना है कि रायबरेली जाकर पूछताछ की जाएगी।
कुंडा कोतवाली क्षेत्र के कृपालु नगर कबड़ियागंज निवासी देवी प्रसाद की पत्नी शोभा तिवारी बीते दो अप्रैल की सुबह करीब 6.30 बजे अपने घर के पास
वाक कर रही थी। इस दौरान बाइक सवार दो लोग उसके पास पहुंचे और पता पूछने के
दौरान उसके गले से सोने की चेन छीनकर भाग निकले थे। इस दौरान शोभा ने पीछे
बैठे अपराधी की पहचान कर ली थी। उसने ही चेन छीनी थी। दूसरा बाइक चला रहा
था। बुधवार को इंटरनेट मीडिया पर रायबरेली में एक अधेड़ को पुलिस मुठभेड़
मे गोली लगने का वीडियो वायरल हुआ तो उसे देखते ही शोभा तिवारी चौंक गईं।
उन्होंने उसकी पहचान घटना वाले दिन बाइक पर पीछे बैठे अधेड़ उम्र बदमाश के
रूप में करते हुए कहा कि यही वह व्यक्ति है जो पीछे बाइक पर बैठा था। पुलिस
ने पीड़ित शोभा देवी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर
दी है।
अक्सर घटना होने पर पीड़ित को ही चार बात सुनाकर चुप करा देना पुलिस की आदत सी होती है। ऐसा ही चेन स्नेचिंग की इस घटना में भी देखने को मिला। घटना के दिन मिली तहरीर को पुलिस ने जांच के नाम पर रख लिया था। कुछ दिन और बीतते तो पुलिस उसे भुला देती। जब दूसरे जिले में मुठभेड़ हो गई तो उसी पुलिस ने दूसरी तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया। इस बारे में कुंडा कोतवाल प्रदीप कुमार का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर रायबरेली में घायल हुए अधेड के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। वहां पुलिस टीम भेजी जाएगी।
