
प्रयागराज: मुंडेरा मंडी के पास ईवीएम की सुरक्षा में लगे समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को दिन में एक कर्मचारी को बक्सा ले जाते पकड़ लिया। बक्से की तलाशी ली तो उसमें वीवी पैट की पर्ची थी। यह देखकर सपाई हंगामा करने लगे। कर्मचारी मौका देखकर वहां से निकल गया। हंगामा बढ़ा तो पार्टी के पदाधिकारियों के साथ ही जिले के अधिकारी भी वहां पहुंच गए। हालांकि, बाद में यह साफ हो गया कि इस पर्ची का कोई मतलब नहीं था, लेकिन इसे किन कारणों से ले जाया जा रहा था, इसे लेकर सपाइयों ने आक्रोश जताया। अधिकारियों ने जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है। बुधवार दोपहर अचानक सपाइयों की नजर एक एसडीएम के अधीनस्थ कार्य करने वाले कानूनगो पर पड़ी। वह बक्शा लेकर मुंडेरा मंडी की तरफ जा रहा था। सपा नेत्री निर्मला यादव आदि ने उसे रोक लिया। उससे पूछा गया कि बक्से के भीतर क्या है तो वह सार्थक जवाब नहीं दे सका। सपाइयों ने बक्शा खोला तो उसमें वीवी पैट की पर्ची थी। यह देखकर सभी हंगामा करने लगे। कानूनगो भी वहां से निकल भागा। हंगामा की सूचना पर बड़ी संख्या में फोर्स भी पहुंच गई। जिलाध्यक्ष योगेश यादव, प्रदेश सचिव नरेंद्र सिंह समेत अन्य पदाधिकारी भी आ गए। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने सभी को समझाया। जिलाध्यक्ष योगेश यादव ने डीएम से वार्ता करते हुए कहा कि वीवी पैट की पर्ची का जब मतगणना से कोई मतलब नहीं है तो उसे क्यों ले जाया जा रहा था।
