प्रयागराज: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को अपने घर पर हुए हमले को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ऐसी गुंडागर्दी से देश आगे नहीं बढ़ सकता। उन्होंने कहा कि मैं बहुत छोटा आदमी हूं, देश के लिए मेरी जान भी हाजिर है पर ऐसी गुंडागर्दी से देश आगे नहीं बढ़ सकता। केजरीवाल ने बीजेपी को घेरते हुए कहा कि देश की सबसे बड़ी पार्टी राजधानी में ऐसी गुंडागर्दी कर रही है, इससे क्या संदेश जाएगा
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर भाजपाईयों द्वारा हमला किए जाने के विराेध में प्रयागराज में (आम आदमी पार्टी) के कार्यकर्ता सड़क पर उतर गए। हमला करने वाले भाजपाईयों का पुतला जलाने को लेकर पुलिस व पार्टी के कार्यकर्ताओं में तीखी नोक झोक हुई।
गुरुवार को जिला महासचिव नितिन सिंह पटेल के नृतेत्व में सिविल लाइंस सुभाष चौराहे पर जमकर नारेबाजी की। अरविन्द केजरीवाल के घर पर भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या के अराजक हमले के विरोध में आप कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध किया और तेजश्वी सूर्या की गिरफ्तारी की मांग की और तेजस्वी सूर्या का पुतला दहन किया गया।
लोकतंत्र की हत्या कर रही भाजपा सरकार
पदाधिकारियों ने कहा कि आम आदमी पार्टी की पंजाब जीत और अरविन्द केजरीवाल की लोकप्रियता से घबराई भारती जनता पार्टी आराजकता पर उतर गई है। एक निर्वाचित मुख्यमंत्री के घर पर इस तरह के हमले से ये साफ पता चलता है की भाजपा लोकतंत्र को हत्या कर रही है और पूरे देश में भय का माहौल बना रही है। गृह मंत्री जी से मेरी मांग है की इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाय जिससे दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिल सके।
पंजाब में AAP की जीत नहीं पचा पा रही BJP
महानगर के महासचिव सर्वेश यादव ने कहा एक निर्वाचित मुख्यमंत्री के घर पर हमला देश के लोकतंत्र पर हमला है।भाजपा आम आदमी पार्टी की पंजाब की प्रचंड जीत को पचा नहीं पा रही है, जिस कारण बौखलाहट में इस तरह के आराजाक हमले करा रही है। भारती जनता पार्टी देश में एक आतंक का माहौल खड़ा कर रही है।
आपको बता दें कि बुधवार को कश्मीर फाइल्स पर केजरीवाल के बयान के खिलाफ बीजेपी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया था। कुछ प्रदर्शनकारी केजरीवाल के घर के बाहर पहुंच गए थे और वहां तोड़फोड़ की थी। हमले से सीसीटीवी फुटेज में सांसद और युवा मोर्चा के अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या भी नजर आए थे।
