प्रयागराज: इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय में बीएएलएलबी में रैगिंग का मामला सामने आया है। यूनिवर्सिटी परिसर में उसे मुर्गा बनने के लिए कहा गया, पर ऐसा नहीं करने पर उसके साथ मारपीट की गई। पीड़ित छात्र की ओर से कर्नलगंज थाने में तहरीर दी गई। पुलिस ने एक छात्रावास के 4 छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
छात्रों के खिलाफ होगी कार्रवाई
इलाहाबाद विश्वविद्यालय से बीएएलएलबी की पढ़ाई करने वाले एक छात्र ने कर्नलगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि वह मंगलवार को अपने दोस्तों के साथ यूनिवर्सिटी परिसर में बैठा था। इस दौरान वहां एक छात्रावास से 4 छात्र पहुंचे, उन्होंने मुर्गा बनने के लिए कहा, ऐसा नहीं करने पर चारों सीनियर छात्र उग्र हो गए।
उन्होंने फोन कर अन्य साथियों को फोन कर बुलाया, इसके बाद उनके आने पर इन लोगों ने मिलकर जमकर मारपीट की। इससे बीए का छात्र जख्मी हो गया। सीओ कर्नलगंज अजीत सिंह चौहान का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, इन छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं कार्यवाहक चीफ प्राक्टर प्रो. केएन उत्तम का कहना है कि शिकायत मिली है। पुलिस ने मुकदमा भी दर्ज कर लिया है। मामले की जांच कर आरोपित के खिलाफ जल्द अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
