प्रयागराज। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अल्पसंख्यक मोर्चा, काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सरदार पतविन्दर सिंह ने लोकतंत्र की रक्षा और अराजक तत्वों की गतिविधियों के विरोध में जन जागरूकता एवं पदयात्रा का आह्वान किया है। इस संबंध में उन्होंने अपने सहयोगियों के साथ क्षेत्र के विभिन्न समुदायों एवं सिख समाज के बंधुओं व कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क कर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।
4 नवंबर को पत्थर गिरजाघर से शहीद वॉल तक निकलेगी पदयात्रा
कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी देते हुए परमजीत सिंह बग्गा ने बताया कि 4 नवंबर 2026 (बुधवार) को प्रातः 11:00 बजे प्रयागराज स्थित पत्थर गिरजाघर (धरना स्थल) से शहीद वॉल तक "लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ" के संकल्प के साथ पदयात्रा निकाली जाएगी।
मनु चावला एवं जसविंदर सिंह नीटू ने सिख समाज और स्थानीय नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र की रक्षा, संविधान की मर्यादा और कानून-व्यवस्था की मजबूती के लिए इस जन धरना व पदयात्रा में सबकी सहभागिता अनिवार्य है। आपकी उपस्थिति लोकतंत्र के पक्ष में एक मजबूत संदेश देगी।
इस जनसंपर्क अभियान और बैठक के दौरान हरमनजी सिंह, कमलजीत सिंह, कुलदीप सिंह खालसा, इकबाल सिंह, परमिंदर सिंह बंटी, परमजीत सिंह बग्गा, मनु चावला, जसविंदर सिंह नीटू तथा सरदार पतविंदर सिंह सहित कई सामाजिक, सांस्कृतिक व राजनीतिक क्षेत्रों के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

