प्रयागराज। जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा ने मंगलवार को बंधवा स्थित प्रसिद्ध लेटे हनुमान जी मंदिर पहुंचकर निर्माणाधीन कॉरिडोर के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से कॉरिडोर निर्माण की वर्तमान प्रगति की बिंदुवार जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता न किया जाए और सभी बचे हुए कार्यों को समयबद्ध तरीके से व शीघ्रता से पूरा कराया जाए।
जिलाधिकारी ने कॉरिडोर परिसर में चल रहे अन्य सौंदर्यीकरण और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों का भी जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता पर रखने की बात कही।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी श्री विवेक शुक्ला सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

