प्रयागराज: 57वीं जीएसटी परिषद की बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण जीएसटी सुधारों और सरलीकरण संबंधी निर्णयों पर विस्तार से परिचर्चा और करदाताओं को जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम 'सहजकर संवाद' का आयोजन किया जा रहा है।
यह कार्यक्रम दिनांक 29 अक्टूबर, 2026, दिन बृहस्पतिवार को अपराहन 3:00 बजे से महाकुंभ हॉल, द्वितीय तल, जीएसटी भवन, 38, महात्मा गांधी मार्ग, इलाहाबाद में आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य और लाभ:
इस संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य सभी सम्मानित जीएसटी करदाताओं, व्यापारियों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, एमएसएमई, स्टार्टअप्स, जीएसटी प्रैक्टिशनर्स, अधिवक्ताओं, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और अन्य हितधारकों को जीएसटी के नवीनतम सुधारों और सरलीकरण की प्रक्रियाओं से अवगत कराना है। कार्यक्रम में इन निर्णयों पर विस्तृत परिचर्चा की जाएगी, जिससे हितधारकों को जीएसटी अनुपालन को आसान बनाने और व्यापार करने की सुगमता को बढ़ाने में मदद मिलेगी।
समस्याओं और सुझावों के लिए मंच:
इस 'सहजकर संवाद' कार्यक्रम में हितधारक केवल जानकारी ही नहीं प्राप्त करेंगे, बल्कि जीएसटी से संबंधित अपनी किसी भी समस्या को विभागीय अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे। साथ ही, वे जीएसटी प्रणाली को और बेहतर बनाने के लिए अपने उपयोगी सुझाव भी साझा कर सकेंगे।
जीएसटी विभाग ने सभी संबंधित हितधारकों से अनुरोध किया है कि वे इस कार्यक्रम में उपस्थित होकर जीएसटी सुधारों की जानकारी प्राप्त करें और संवाद का लाभ उठाएं।

