प्रदीप बच्चन (ब्यूरो चीफ)
बलिया (यूपी): सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रसड़ा में बिजली कटौती के दौरान वैकल्पिक बिजली व्यवस्था न होने से मरीजों और तीमारदारों को भारी फजीहत का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में जनरेटर की समुचित व्यवस्था न होने से स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह ठप पड़ जाती हैं। इस गंभीर समस्या को लेकर शनिवार को आदर्श नगर पालिका रसड़ा (ठाकुरबाड़ी) निवासी सामाजिक कार्यकर्ता विश्वजीत जायसवाल ने तहसील मुख्यालय पहुंचकर अपर जिलाधिकारी (एडीएम) को एक मांग पत्र सौंपा और जल्द से जल्द जनरेटर की व्यवस्था कराने की गुहार लगाई।
अपर जिलाधिकारी को सौंपे गए पत्र में समाजसेवी विश्वजीत जायसवाल ने सीएचसी रसड़ा की बदहाल स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि लंबे समय से अस्पताल में जनरेटर की सुचारू व्यवस्था नहीं है। जैसे ही बिजली गुल होती है, अस्पताल की आपातकालीन सेवाएं प्रभावित होने लगती हैं।
उन्होंने पत्र में स्पष्ट किया कि बिजली न रहने की स्थिति में डिलीवरी के लिए आने वाली महिलाओं, नवजात शिशुओं (जच्चा-बच्चा) और गंभीर रूप से बीमार मरीजों की सुरक्षा पर सीधा खतरा मंडराने लगता है। जनरेटर के अभाव में अंधेरे में इलाज कराने को मजबूर तीमारदारों और मरीजों की इस परेशानी को देखते हुए जनहित में सीएचसी रसड़ा में अविलंब जनरेटर उपलब्ध कराना बेहद आवश्यक है।

