मेजा, प्रयागराज:राजकीय समेकित विशेष माध्यमिक विद्यालय, गेदुराही (मेजा) में 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती समारोहपूर्वक एवं हर्षोल्लास के साथ मनायी गई। दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा संचालित इस विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में दिव्यांग छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
जयंती समारोह के दौरान विद्यालय के छात्रों ने भाषण, काव्य पाठ और नाटकों के माध्यम से महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के विचारों को प्रस्तुत किया।
दिव्यांग छात्रों ने गांधी जी के सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने तथा उनके सिद्धांतों को अपने जीवन में आत्मसात करने का दृढ़ संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य जितेन्द्र कुमार ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन संघर्ष, उनके विचारों और देश की आजादी में उनके योगदान पर प्रकाश डाला।
उन्होंने छात्रों को दोनों महान विभूतियों के पदचिह्नों पर चलने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर शिक्षिका अनिता सरन समेत विद्यालय के समस्त शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित रहे।


