प्रदीप बच्चन (व्यूरो चीफ)
बलिया (यूपी)। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले की बेटी आस्था सिंह ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की जियो-साइंटिस्ट परीक्षा में चयन हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित पिपरा कलां गांव और आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
पिपरा कलां निवासी आस्था सिंह पढ़ाई में शुरू से ही मेधावी रही हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित पंडित रविशंकर विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर की पढ़ाई के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और गोल्ड मेडल हासिल किया। इसके बाद उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर UPSC जियो-साइंटिस्ट परीक्षा में सफलता प्राप्त की।
पति भी अपने क्षेत्र में सम्मानित
आस्था सिंह के पति मिहिर सिंह पेशे से आर्किटेक्ट हैं। वर्ष 2019 में उन्हें भारत सरकार द्वारा आयोजित स्मार्ट सिटी कॉन्क्लेव में विजेता के रूप में सम्मानित किया जा चुका है। दोनों पति-पत्नी ने अपने-अपने क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल कर परिवार का गौरव बढ़ाया है।
युवाओं के लिए प्रेरणा
आस्था सिंह की सफलता उन युवाओं और छात्राओं के लिए प्रेरणादायक है, जो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर अपने सपनों को साकार करना चाहते हैं। उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि मेहनत, लगन और निरंतर प्रयास से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
आस्था सिंह की इस उपलब्धि पर परिवार, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें ढेरों बधाइयां दी हैं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं व्यक्त की हैं।

