प्रयागराज। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को संगम सभागार में चकबंदी कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को धारा-7, 8, 9, 10, 20, 23, 24 एवं 25 से जुड़े सभी प्रकरणों का त्वरित और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने का कड़ा निर्देश दिया।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विशेष रूप से 3 वर्ष और 5 वर्ष से अधिक समय से लंबित पड़े वादों को अभियान चलाकर जल्द से जल्द निपटाने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व संबंधी मामलों में देरी से जनता को परेशानी होती है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिन गांवों में किसी विवाद या गतिरोध के कारण चकबंदी प्रक्रिया रुकी हुई है, वहां जिलाधिकारी ने चकबंदी अधिकारियों को संबंधित उपजिलाधिकारी (SDM) और तहसीलदार के साथ समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपसी समन्वय से सभी बाधाओं को दूर किया जाए और प्रभावित गांवों में चकबंदी प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण कराया जाए।

