प्रयागराज/वाराणसी:गर्भवती व धात्री महिलाओं, बच्चों और किशोरियों के स्वास्थ्य व पोषण की देखभाल को समर्पित 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का औपचारिक शुभारंभ 09 सितम्बर 2026 को वाराणसी से केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी द्वारा किया गया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद प्रयागराज के विकास भवन स्थित गंगा सभागार में देखा व सुना गया। इसके साथ ही जनपद के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों, बाल विकास परियोजना कार्यालयों और विकास खंड कार्यालयों में अधिकारियों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व लाभार्थियों ने सजीव प्रसारण में हिस्सा लिया।
विकास भवन से हरी झंडी दिखाकर रवाना की गई 'पोषण रैली'
प्रसारण के तुरंत बाद विकास भवन से जन-जागरूकता हेतु एक भव्य पोषण रैली निकाली गई। जिला विकास अधिकारी और परियोजना निदेशक द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना की गई यह रैली लक्ष्मी चौराहे से होती हुई जिला पंचायत परिसर पर संपन्न हुई। इसी तर्ज पर जिले की सभी तहसीलों, विकास खंडों और आंगनबाड़ी केंद्रों से भी पोषण रैलियां निकालकर जागरूकता अभियान का आगाज किया गया।
"हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी" थीम पर केंद्रित अभियान
09 सितम्बर से 08 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले इस एक माह के अभियान की मुख्य थीम ‘‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी‘‘ रखी गई है। इसका उद्देश्य समाज को पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्था में जन-भागीदारी सुनिश्चित करना है।
वरिष्ठ अधिकारियों और कार्यकर्ताओं की रही गरिमामयी उपस्थिति
प्रयागराज में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य रूप से:जिला विकास अधिकारी
परियोजना निदेशक (DRDA)
उपायुक्त (स्वतः रोजगार)
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA)
एसोसिएट जिला विद्यालय निरीक्षक (ADIOS)
जिला कार्यक्रम अधिकारी (DPO)
बाल विकास परियोजना अधिकारी (CDPO शहर प्रथम व द्वितीय)
सहित बड़ी संख्या में मुख्य सेविकाएं और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां मौजूद रहीं।


