प्रदीप बच्चन (ब्यूरो चीफ)
बलिया/वाराणसी (यूपी)
महिला भूमिहार समाज एवं पॉपुलर हॉस्पिटल (ककरमत्ता, वाराणसी) के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को किड्स वैली स्कूल, लखीमपुर बेलवा, बाबतपुर में एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। वरिष्ठ साहित्यकार व पत्रकार प्राची राय ने दूरभाष पर जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुँचे और निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श व स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया।
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने की गहन जांच
शिविर में जनरल मेडिसिन, स्त्री रोग, नेत्र रोग तथा शिशु एवं बाल रोग विशेषज्ञों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के उपरांत चिकित्सकों ने मरीजों को दवाइयाँ व उचित परामर्श दिया। चिकित्सकों ने बदलती जीवनशैली के दौर में संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और समय-समय पर ब्लड प्रेशर व शुगर की जांच कराने पर बल दिया।
नेत्र विशेषज्ञों ने बच्चों में बढ़ते स्क्रीन टाइम पर चिंता जताते हुए अभिभावकों को मोबाइल के नियंत्रित उपयोग और नियमित रूप से आँखें चेक कराने की सलाह दी।
चिकित्सकों एवं स्कूल प्रबंधन का किया गया सम्मान
स्वास्थ्य शिविर के सफल आयोजन पर महिला भूमिहार समाज द्वारा पॉपुलर हॉस्पिटल की मेडिकल टीम के साथ-साथ किड्स वैली स्कूल की संस्थापिका पूनम सिंह और स्कूल स्टाफ को अंगवस्त्रम एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवा पहुँचाना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है।
पर्यावरण संरक्षण हेतु भेंट किए गए तुलसी के पौधे
शिविर के दौरान स्वास्थ्य जागरूकता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश भी दिया गया। संस्था की ओर से उपस्थित सभी डॉक्टरों और अतिथियों को तुलसी का पौधा भेंट कर हरियाली और प्रकृति संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया गया।
इनका रहा विशेष योगदान
कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. राजलक्ष्मी राय, पूनम सिंह, किरण सिंह, वंदना सिंह, प्रतिमा राय, सोनी राय, पुष्पा, अनिता, सविता, सरिता, विनीता, उमा, कुसुम, खुशबू राय, रिमझिम, प्राची, प्रिया, रागिनी, जोशी, प्रेरणा एवं स्वाती सहित महिला भूमिहार समाज के अनेक सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।


