प्रयागराज: जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा के निर्देशन एवं अपर जिलाधिकारी नगर श्री मंगलेश कुमार दुबे की अध्यक्षता में सोमवार को संगम सभागार में अभियोजन कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जनपद में लंबित अभियोजन प्रकरणों, गंभीर अपराधों तथा न्यायालयों में विचाराधीन वादों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। इसके साथ ही पिछले माह के दौरान गंभीर अपराधों में अभियुक्तों के बरी होने तथा उनमें की गई अपीलों की स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के मुख्य बिंदु:
त्वरित निस्तारण पर जोर: अपर जिलाधिकारी ने महिला उत्पीड़न, पॉक्सो एक्ट, मादक पदार्थों से जुड़े मामलों और अन्य जघन्य अपराधों में शासकीय अधिवक्ताओं एवं अभियोजन अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप प्रभावी पैरवी करने के सख्त निर्देश दिए।
सम्मन-तामीली में तेजी: जिन प्रकरणों में सम्मन या तामीला लंबित है, उनमें तेजी लाकर मामलों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।
समय से अभिलेख प्रस्तुति: लंबित मामलों के कारणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी आवश्यक अभिलेख और साक्ष्य समय से अदालत में प्रस्तुत किए जाएं।
इस बैठक में संयुक्त निदेशक अभियोजन, जिला शासकीय अधिवक्ता समेत संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

