प्रयागराज, 05 सितम्बर 2026
माध्यमिक शिक्षा विभाग एवं बेसिक शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वाधान में शनिवार को संगम सभागार में ‘शिक्षक सम्मान समारोह’ का भव्य आयोजन किया गया। भारत के द्वितीय राष्ट्रपति, महान शिक्षक एवं दार्शनिक डॉ० सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी के जन्मदिवस (शिक्षक दिवस) के अवसर पर आयोजित इस समारोह की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा ने की।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कुल 49 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने अपने कर-कमलों द्वारा माध्यमिक शिक्षा विभाग के 25 और बेसिक शिक्षा विभाग के 24 शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र तथा अंगवस्त्रम भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
शिक्षक ही गढ़ते हैं देश का भविष्य: डीएम
समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि शिक्षक केवल एक व्यक्ति का निर्माण नहीं करता, बल्कि वह पूरे समाज और राष्ट्र का निर्माता होता है। एक शिक्षक ही बच्चों को सही सांचे में ढालकर उन्हें जीवन में सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है।
शिक्षा व्यवस्था में गुणात्मक सुधार की अपील
कार्यक्रम में मौजूद संयुक्त शिक्षा निदेशक श्री आर०एन० विश्वकर्मा ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने शिक्षकों से अपने भीतर 'शिक्षक के भाव' को निरंतर बनाए रखने और शिक्षा व्यवस्था में गुणात्मक परिवर्तन लाने के लिए अपनी भूमिका को और मजबूती से निभाने का आह्वान किया।
समारोह के अंत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री अनिल कुमार ने सभी अतिथियों और शिक्षकों का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने शिक्षकों को अपने कर्तव्यों, दायित्वों एवं शिक्षक धर्म का निष्ठापूर्वक पालन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ० संतोष कुमार राय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री अनिल कुमार समेत विभागीय अधिकारी एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।

