प्रयागराज: खाद्य सुरक्षा टीम का बड़ा एक्शन, इलाहाबाद यूनिवर्सिटी कैंटीन समेत 4 संस्थान सील; रेडिसन होटल को नोटिस
Type Here to Get Search Results !

Recent Tube

प्रयागराज: खाद्य सुरक्षा टीम का बड़ा एक्शन, इलाहाबाद यूनिवर्सिटी कैंटीन समेत 4 संस्थान सील; रेडिसन होटल को नोटिस

 


प्रयागराज। मंडलायुक्त के निर्देशों के अनुपालन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर में ताबड़तोड़ छापेमारी की। खाद्य टीम ने कुल 13 प्रतिष्ठानों एवं परिसरों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के 17 विधिक नमूने (लीगल सैंपल) जांच के लिए संग्रहित किए। गंभीर अनियमतताएं और बिना लाइसेंस संचालन पाए जाने पर इलाहाबाद विश्वविद्यालय की कैंटीन सहित 04 प्रतिष्ठानों के खाद्य कारोबार को सील कर दिया गया। वहीं, प्रसिद्ध रेडिसन होटल में भी प्रवर्तन कार्रवाई जारी रही, जहां साफ-सफाई मानकों के अनुरूप न मिलने पर नोटिस जारी किया गया है।


मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में गठित खाद्य सचल दल ने दूध, पनीर, केला, छेना मिठाई, बेसन लड्डू, ब्रेड, बिस्किट, केक एवं मैदा आदि के नमूने जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला प्रेषित कर दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के सुसंगत प्रावधानों के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इन 4 प्रतिष्ठानों पर ताला (सीलिंग की कार्रवाई):

इलाहाबाद विश्वविद्यालय कैंटीन: निरीक्षण के दौरान मैदा का 01 नमूना लिया गया। परिसर में कमियां पाए जाने के कारण सुधार होने तक कैंटीन को पूरी तरह बंद करा दिया गया है।



अनीशा डेयरी (अटरामपुर/नवाबगंज): अनहाइजीनिक परिस्थितियां पाए जाने पर नोटिस चस्पा कर कारोबार को सील किया गया।


केजीएन फ्रूट कंपनी (मम्फोर्डगंज): बिना खाद्य पंजीकरण कारोबार चलाने और रसायनों से केला पकाने के संदेह पर सीलिंग की गई।


शिवकुटी (सरजू कॉलोनी) स्थित केला राइपनिंग चैम्बर: लगभग 40 कुंतल केले रसायनों से पकाने के संदेह और बिना रजिस्ट्रेशन संचालन पर सील किया गया।

अन्य प्रमुख प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की स्थिति:

रेडिसन होटल: प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान साफ-सफाई निर्धारित मानकों के अनुसार न पाए जाने पर प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया।


टोपनदास कन्फेक्शनरी: केक निर्माण क्षेत्र में गंभीर कमियां पाए जाने पर नोटिस चस्पा कर सुधार होने तक प्रतिष्ठान बंद रखने के निर्देश दिए गए।


संतोष स्वीट एंड कन्फेक्शनरी एवं बेकरी (तेलियरगंज): निर्माणशाला और विक्रय केंद्र से छेना मिठाई, बेसन लड्डू एवं ब्रेड के नमूने लिए गए तथा कमियों पर नोटिस दिया गया।


लक्ष्मी डेयरी (नवाबगंज) व माधव डेयरी (सलोरी): संदिग्ध दूध और पनीर के नमूने लिए गए। लक्ष्मी डेयरी में खराब दूध विनष्ट कराया गया।


श्री कृष्णा डेयरी (गोविन्दपुर): पनीर का नमूना लेकर स्वच्छता बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए गए।


सोनू भारतीया (म्योराबाद): फल राइपनिंग चैम्बर से केले का नमूना जांच के लिए भेजा गया।


इंडियन क्वालिटी कन्फेक्शनरी (म्योर रोड) एवं गोल्डन बेकरी (गढ़ी सराय): बिस्किट के नमूने संग्रहित कर सुधार नोटिस जारी किए गए।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार और सख्त रूप से जारी रहेगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Hollywood Movies