‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तीसरे दिन प्रयागराज में भव्य मोटरसाइकिल रैली और सांस्कृतिक संध्या का आयोजन
Type Here to Get Search Results !

Recent Tube

‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तीसरे दिन प्रयागराज में भव्य मोटरसाइकिल रैली और सांस्कृतिक संध्या का आयोजन

 


प्रयागराज (11 अगस्त 2026):

'हर घर तिरंगा अभियान 2026' के तीसरे दिन आज शहर में देश भक्ति का अनूठा उत्साह देखने को मिला। प्रातः 7:30 बजे सिविल लाइंस स्थित नेताजी सुभाष चन्द्र बोस चौराहा से एक भव्य मोटरसाइकिल तिरंगा रैली का शुभारंभ हुआ। सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन अनिल कुमार (अन्नू भैया) तथा उप नियंत्रक नीरज मिश्रा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।


देशभक्ति के जयघोष और तिरंगे के रंगों से सजी यह मोटरसाइकिल यात्रा निर्धारित मार्ग—हनुमान मंदिर चौराहा, इलाहाबाद संग्रहालय और मदन मोहन मालवीय चौराहा—होते हुए अपने अंतिम पड़ाव अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद की प्रतिमा स्थल (गेट नंबर 3) पहुँची। यहाँ उपस्थित सभी लोगों ने अमर शहीदों को नमन कर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।


विभिन्न विभागों और संस्थाओं की रही सक्रिय सहभागिता

इस तिरंगा रैली में भारत स्काउट एंड गाइड (फिरोज़ अहमद खान की टीम), सिविल डिफेंस (उपनियंत्रक नीरज मिश्रा की टीम), संस्कृति विभाग के पांडुलिपि अधिकारी गुलाम सरवर, क्षेत्रीय अभिलेख अधिकारी राकेश कुमार वर्मा और होमगार्ड कमांडेंट कार्यालय के नामित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में मौजूद वरिष्ठ पत्रकार एल.के. अहिरवार ने उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और सुरक्षाकर्मियों से इस अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार का आह्वान किया। वहीं पांडुलिपि अधिकारी गुलाम सरवर ने नागरिकों से 'हर घर तिरंगा' पोर्टल पर तिरंगे के साथ अधिक से अधिक सेल्फी अपलोड करने की अपील की।


सायंकाल गूंजे देशभक्ति के तराने

अभियान के अंतर्गत सायंकाल 5:00 बजे चंद्रशेखर आज़ाद प्रतिमा स्थल पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शाम सजी। संस्कृति विभाग में पंजीकृत प्रसिद्ध लोकगायक उमेशचन्द्र कन्नौजिया ने देशभक्ति लोकगायन की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को भावविभोर कर दिया। उनकी एक से बढ़कर एक लोकगीत प्रस्तुतियों पर पूरा प्रांगण तालियों से गूंज उठा।


कार्यक्रम के समापन पर क्षेत्रीय अभिलेख अधिकारी राकेश कुमार वर्मा ने उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले कलाकारों को सम्मानित किया। पूरे आयोजन ने प्रयागराज में राष्ट्रभक्ति का एक अविस्मरणीय माहौल तैयार कर दिया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Hollywood Movies