गोण्डा (ब्यूरो रिपोर्ट - शिव शरण)
दिनांक: 18 अगस्त 2026 सावन माह एवं आगामी त्यौहारों को देखते हुए गोण्डा पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) देवीपाटन परिक्षेत्र अशोक कुमार शुक्ला और पुलिस अधीक्षक (SP) गोण्डा विनीत जायसवाल की संयुक्त अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा एवं समन्वय गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों, प्रभारी निरीक्षकों और थानाध्यक्षों ने भाग लिया।
अ असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर और सोशल मीडिया की निगरानीसमीक्षा बैठक के दौरान डीआईजी अशोक कुमार शुक्ला ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि त्यौहारों के दौरान कानून-व्यवस्था और शांति व्यवस्था हर हाल में कायम रहनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि:
अपने-अपने क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग करें।
संवेदनशील व अतिसंवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए।
धार्मिक आयोजनों और शोभायात्राओं के आयोजकों से पूर्व समन्वय बनाकर तय रूट का पालन कराया जाए।
सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखी जाए ताकि कोई भी अफवाह या भ्रामक सूचना न फैल सके।
जनसुनवाई को प्राथमिकता देते हुए थाने आने वाले फरियादियों की शिकायतों का निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण हो।
'मिशन शक्ति' अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाए।
बीट पुलिसिंग मजबूत करने व त्वरित कार्रवाई के निर्देश
एसपी विनीत जायसवाल ने पुलिस अधिकारियों को धरातल पर उतरकर काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि:
पुलिस अधिकारी लगातार क्षेत्रों में भ्रमणशील रहें और छोटी से छोटी घटना को भी गंभीरता से लें।
सार्वजनिक स्थलों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और भीड़भाड़ वाले बाजारों में नियमित गश्त बढ़ाई जाए।
वांछित अपराधियों, वारंटियों और अवैध शराब, मादक पदार्थों व अवैध असलहों की तस्करी करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाए।
बीट पुलिसिंग और मुखबिर तंत्र को अधिक सक्रिय किया जाए ताकि अपराध होने से पहले ही उस पर अंकुश लगाया जा सके।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
इस समीक्षा बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) अजीत कुमार रजक, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) राधेश्याम राय, समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक, यातायात प्रभारी और विभिन्न शाखाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।


