प्रयागराज, 17 अगस्त: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लोकभवन, लखनऊ में आयोजित उचित दर विक्रेताओं के लाभांश वृद्धि एवं ई-पॉश आधारित कोटेदार कमीशन प्रणाली के शुभारम्भ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण सोमवार को जिला पंचायत सभागार, प्रयागराज में किया गया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’, महापौर श्री उमेश चन्द्र गणेश केशरवानी, शहर पश्चिमी विधायक श्री सिद्वार्थ नाथ सिंह, जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा एवं मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती हर्षिका सिंह की उपस्थिति में 06 उचित दर विक्रेताओं को अतिरिक्त लाभांश वितरण के तहत प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए गए।
प्रति कुंतल ₹125 हुआ लाभांश, ₹336 करोड़ का अतिरिक्त बजट
जिला पूर्ति अधिकारी श्री सुनील कुमार सिंह ने जानकारी दी कि राज्य सरकार ने उचित दर विक्रेताओं का लाभांश ₹90 से बढ़ाकर ₹125 प्रति कुंतल कर दिया है। इस निर्णय से प्रदेश सरकार पर वार्षिक लगभग ₹336 करोड़ का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा। प्रयागराज जनपद के 2,157 उचित दर विक्रेताओं के लिए वार्षिक लगभग ₹9.59 करोड़ का बजटीय प्रावधान किया गया है।
डिजिटल व्यवस्था और जन-पोषण केंद्र के रूप में विकास
कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री श्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’ ने कहा कि ई-पॉश आधारित व्यवस्था से राशन वितरण में पारदर्शिता आई है। अब दुकानों को 'जन-पोषण केंद्र' के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहाँ:
- दैनिक उपयोग की 39 मानक वस्तुओं की बिक्री की अनुमति होगी।
- कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के रूप में बिजली बिल जमा करने जैसी सुविधाएँ मिलेगी।
- राशन कार्ड विभाजन, यूनिट स्थानान्तरण व समर्पण जैसी नवीन ऑनलाइन सुविधाएँ शुरू होंगी।
तहसीलों में भी आयोजित हुए कार्यक्रम
प्रयागराज की फूलपुर, सोरांव, फाफामऊ, हण्डिया, प्रतापपुर, बारा, करछना, कोरांव एवं मेजा तहसीलों में भी सजीव प्रसारण देखा गया। इन कार्यक्रमों में क्षेत्रीय सांसद श्री प्रवीण पटेल, विधायक श्री दीपक पटेल, विधायक श्री गुरू प्रसाद मौर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वी.के. सिंह समेत विभिन्न जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।


