प्रयागराज में 18,706 बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण: स्वास्थ्य विभाग और रोटरी ने संभाली कमान, जिलाधिकारी ने की अपील
Type Here to Get Search Results !

Recent Tube

प्रयागराज में 18,706 बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण: स्वास्थ्य विभाग और रोटरी ने संभाली कमान, जिलाधिकारी ने की अपील

 


प्रयागराज। सर्वाइकल कैंसर से किशोरियों की सुरक्षा और बचाव के उद्देश्य से प्रयागराज जिले में चलाए जा रहे एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) टीकाकरण अभियान को गति देने के लिए स्वास्थ्य विभाग और रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3120 ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाल लिया है। शनिवार को आयोजित एक विशेष प्रेस वार्ता के दौरान अभियान की प्रगति और जागरूकता योजनाओं की जानकारी साझा की गई।

14–15 वर्ष की बालिकाओं का समय पर कराएं टीकाकरण: जिलाधिकारी

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने अभिभावकों से 14–15 वर्ष आयु वर्ग की सभी पात्र बालिकाओं का समय पर टीकाकरण कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि एचपीवी टीका सर्वाइकल कैंसर को रोकने की दिशा में एक प्रभावी और वैज्ञानिक कदम है। अभियान की शत-प्रतिशत सफलता के लिए जन-जागरूकता और सामुदायिक भागीदारी बेहद जरूरी है।

जिले में अब तक 18,706 बालिकाओं को लगी वैक्सीन

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. ए.के. तिवारी ने आंकड़ों की जानकारी देते हुए बताया कि 06 अगस्त 2026 तक प्रयागराज जिले में 18,706 पात्र बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण किया जा चुका है। उन्होंने आश्वस्त किया कि स्वास्थ्य विभाग हर पात्र बालिका तक टीका पहुंचाने के साथ-साथ भ्रांतियों को दूर करने के लिए लगातार प्रयासरत है।

भ्रांतियों पर न दें ध्यान, वैज्ञानिक तथ्यों पर करें भरोसाकार्यक्रम में उपस्थित डॉ. अंकिता राज ने अभिभावकों से किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रम में न आने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सकों द्वारा दी जा रही प्रामाणिक और वैज्ञानिक जानकारी पर ही विश्वास करें। समय पर टीकाकरण करवाकर अभिभावक अपनी बेटियों के सुरक्षित भविष्य में योगदान दें।



 जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन विश्व के 150 से अधिक देशों में 50 करोड़ से अधिक बालिकाओं को सुरक्षित रूप से दी जा चुकी है। वहीं, उत्तर प्रदेश में भी अब तक 7 लाख से अधिक पात्र बालिकाओं को यह सुरक्षा कवच प्रदान किया जा चुका है।

पोलियो उन्मूलन की तर्ज पर रोटरी देगा पूर्ण सहयोगरोटरी डिस्ट्रिक्ट 3120 की डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रो. पूनम गुलाटी ने प्रतिबद्धता जताते हुए कहा कि जिस तरह रोटरी ने पोलियो उन्मूलन में अपनी अहम भूमिका निभाई थी, उसी तर्ज पर एचपीवी टीकाकरण अभियान में भी स्वास्थ्य विभाग को हर संभव सहयोग दिया जाएगा।

प्रेस वार्ता में वरिष्ठ अधिकारी और मीडिया प्रतिनिधि रहे मौजूद प्रेस वार्ता के दौरान एचपीवी टीकाकरण से जुड़े मिथकों को दूर करने और जागरूकता को जन-आंदोलन बनाने पर जोर दिया गया। इस मौके पर पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रो. सतपाल गुलाटी, रोटेरियन पंकज जैन, शशांक जैन, डॉ. अमित, डॉ. प्रीति, विष्णु जी, डॉ. फिरोज खान समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी तथा प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व डिजिटल मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। 

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Hollywood Movies