गोंडा में सिपाही पर पत्नी का यौन शोषण, दहेज उत्पीड़न व धोखाधड़ी का केस दर्ज; 6 आरोपी नामजद
Type Here to Get Search Results !

Recent Tube

गोंडा में सिपाही पर पत्नी का यौन शोषण, दहेज उत्पीड़न व धोखाधड़ी का केस दर्ज; 6 आरोपी नामजद

 


ब्यूरो रिपोर्ट: शिव शरण

गोंडा: उत्तर प्रदेश पुलिस में गोंडा के कर्नलगंज थाने में तैनात कांस्टेबल रवि प्रकाश के खिलाफ उसकी पत्नी की शिकायत पर महिला थाने में गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी सिपाही समेत कुल छह लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस ने यौन शोषण, धोखाधड़ी, दहेज उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की धमकी जैसी धाराओं में एफआईआर दर्ज कर मामले की विवेचना उप-निरीक्षक तशरीफ अहमद को सौंप दी है।


शादी का झांसा देकर यौन शोषण और कोर्ट मैरिज

सीतापुर जिले के हरगांव थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2020 में उसकी मुलाकात लखीमपुर खीरी के मोहम्मदाबाद निवासी रवि प्रकाश से हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि रवि ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में कानूनी कार्रवाई के डर से दोनों ने 30 मई 2025 को लखीमपुर खीरी में कोर्ट मैरिज कर ली।

नौकरी मिलते ही बदला रवैया, 5 लाख रुपए और कार की मांग

पीड़िता ने बताया कि कोर्ट मैरिज के बाद रवि प्रकाश का चयन यूपी पुलिस में कांस्टेबल पद पर हुआ और उसकी पहली तैनाती गोंडा के कर्नलगंज थाने में हुई। आरोप है कि सरकारी नौकरी मिलते ही पति और ससुराल वालों का व्यवहार पूरी तरह बदल गया।


महिला का कहना है कि 10 जून 2026 को जब वह अपने ससुराल पहुंची, तो सास लीला देवी, पति रवि प्रकाश और अन्य परिजनों ने उसके साथ मारपीट की, उसे रस्सी से बांधकर पीटा और 5 लाख रुपये नकद व कार की मांग की। पीड़िता को अपनी जान बचाने के लिए डायल-112 पर कॉल करनी पड़ी।


'अब सरकारी नौकरी है, तुम मेरे लायक नहीं'

पीड़िता के मुताबिक, उसका पति अक्सर उसे ताना मारता है कि अब उसकी सरकारी नौकरी लग गई है और वह उसके लायक नहीं है। पति ने उसे दूसरी शादी करने की धमकी भी दी है।


पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि 19 जुलाई 2026 को महिला थाना गोंडा में सुनवाई के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद जब वह कर्नलगंज थाने में अपने पति से मिलने गई, तो उसे वहां से डांटकर भगा दिया गया और रात में बस अड्डे के पास एक अज्ञात व्यक्ति ने उसका पीछा भी किया।


3 महीने के संघर्ष के बाद दर्ज हुआ मुकदमा

पीड़िता ने बताया कि वह पिछले तीन महीनों से न्याय पाने के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय से लेकर डीजीपी कार्यालय तक के चक्कर काट रही थी। लंबे संघर्ष के बाद आखिरकार एफआईआर दर्ज हुई है। पीड़िता ने मांग की है कि सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए या उसके पति को उसके साथ रहने के लिए पाबंद किया जाए।


पुलिस का पक्ष

महिला थाना पुलिस के अनुसार, पीड़िता की तहरीर पर आरोपी कांस्टेबल रवि प्रकाश और अन्य 5 परिजनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Hollywood Movies