प्रयागराज: आजादी के अमृत महोत्सव की कड़ी में ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ का भव्य और गरिमामय शुभारंभ रविवार को प्रयागराज में हुआ। अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद पार्क के गेट नंबर-1 से मुख्य विकास अधिकारी (CDO) श्रीमती हर्षिका सिंह ने तिरंगा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली आजाद पार्क स्थित शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर पहुंची, जहां अतिथियों और नागरिकों ने अमर शहीद को माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और रंगोली से गूंजा देशभक्ति का स्वर
संस्कृति विभाग की पंजीकृत कलाकार सुजाता केसरी एंड कंपनी ने देशभक्ति और लोक संस्कृति से ओत-प्रोत मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां दीं। “हमारे देशवा सोनवा के चिरैया”, “बलम दुपहरिया बिताई द हो” और “राम आएंगे” जैसे गीतों पर हुई शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इसके अलावा, हर घर तिरंगा थीम पर आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में मेरी वाना मेकर, जीजीआईसी कटरा और बेसिक विद्यालय चौक की छात्राओं ने अपनी कला के जरिए देशभक्ति के खूबसूरत रंग उकेरे।
महापौर ने कहा—क्रांतिकारियों का बलिदान हमारी प्रेरणा
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रयागराज के महापौर श्री उमेश चंद्र गणेश केसरवानी ने अपने संबोधन में कहा कि देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले असंख्य अमर शहीदों को याद करने और उनके प्रति सम्मान व्यक्त करने के उद्देश्य से यह देशव्यापी अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने सभी से स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
9 से 17 अगस्त तक आयोजित होंगे विविध कार्यक्रम
सिविल डिफेंस के चीफ वार्डेन श्री अनिल कुमार गुप्ता ‘अन्नू भैया’ ने जनपदवासियों से अपील की कि 9 से 17 अगस्त तक शहर में आयोजित होने वाले सभी देशभक्ति कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपने-अपने घरों पर आन-बान-शान से तिरंगा फहराएं।
काकोरी ट्रेन एक्शन प्रदर्शनी रही विशेष आकर्षण
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय अभिलेखागार द्वारा ‘काकोरी ट्रेन एक्शन’ और ‘हर घर तिरंगा’ विषय पर आधारित ऐतिहासिक अभिलेख प्रदर्शनी लगाई गई, जिसका अतिथियों और आम जनता ने अवलोकन किया।
कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी श्री जी.पी. कुशवाहा, उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा श्री नीरज मिश्रा, बीएसए श्री अनिल कुमार सिंह, जिला कमांडेंट होमगार्ड श्री रणजीत सिंह सहित कई अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संयोजन श्री गुलाम सरवर व श्री राकेश कुमार वर्मा ने किया तथा मंच संचालन श्री हरिश्चंद्र दुबे द्वारा किया गया।

