प्रयागराज। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को संगम सभागार में अभियोजन कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस दौरान उन्होंने जनपद में लंबित अभियोजन प्रकरणों और गंभीर अपराधों की स्थिति का जायजा लेते हुए महिला अपराध, पॉक्सो (POCSO) एक्ट व मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में त्वरित निस्तारण के लिए मजबूत पैरवी करने के सख्त निर्देश दिए।
बैठक में पिछले माह गंभीर मामलों में हुए बरी (Acquittal) और उनके खिलाफ की गई अपीलों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। शासन की मंशा के अनुरूप न्याय प्रक्रिया को गति देने पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निम्नलिखित मुख्य निर्देश दिए:
सम्मन तामीली में तेजी: जिन मुकदमों में सम्मन की तामीली नहीं हो सकी है, उनमें प्राथमिकता के आधार पर प्रक्रिया पूरी कर मामलों को निस्तारित किया जाए।
समयबद्ध दस्तावेज प्रस्तुतीकरण: अदालती कार्यवाही में देरी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक अभिलेख और साक्ष्य समय पर न्यायालय में जमा कराए जाएं।
गंभीर अपराधों में त्वरित पैरवी: जघन्य व गंभीर मामलों में शासकीय अधिवक्ता और अभियोजन अधिकारी मजबूती से पक्ष रखें ताकि दोषियों को जल्द सजा मिल सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर सत्यम मिश्र, संयुक्त निदेशक अभियोजन और जिला शासकीय अधिवक्ता समेत अभियोजन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

