महराजगंज, 01 अगस्त।
विकासखंड बृजमनगंज के कोल्हुई क्षेत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की स्थापना को लेकर चल रहा जनआंदोलन अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचता दिखाई दे रहा है। उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल, महाराजगंज के जिलाध्यक्ष प्रिन्स जायसवाल के लगातार अथक प्रयासों, व्यापक जनसमर्थन और प्रशासनिक स्तर पर निरंतर हो रही कार्रवाई के चलते यह बहुप्रतीक्षित मांग तेजी से आगे बढ़ रही है। इसी क्रम में जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, महाराजगंज के उपायुक्त उद्योग कार्यालय ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को दूसरी बार अनुस्मारक पत्र जारी कर आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
29 दिसंबर 2025 से शुरू हुआ अभियान, 31 दिसंबर को महानिदेशक तक पहुंचा प्रस्ताव
कोल्हुई में सीएचसी स्थापना की औपचारिक पहल 29 दिसंबर 2025 को हुई, जब युवा उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष प्रिन्स जायसवाल ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी, महाराजगंज को विस्तृत मांग-पत्र सौंपा। मांग की गंभीरता को देखते हुए 31 दिसंबर 2025 को मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अपने पत्रांक 8627/2025 के माध्यम से प्रस्ताव को महानिदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, उत्तर प्रदेश, लखनऊ को अग्रेषित कर दिया।
उद्योग बंधु बैठक में जिलाधिकारी ने दिए कार्रवाई के निर्देश
इसके बाद 16 फरवरी 2026 को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक में युवा उद्योग व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष प्रिन्स जायसवाल ने पुनः यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया। बैठक में प्रस्तुत तथ्यों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके तहत मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सीएचसी स्थापना हेतु आवश्यक भूमि एवं तकनीकी मानकों की जानकारी उपलब्ध कराने तथा उपजिलाधिकारी/तहसीलदार फरेन्दा को संभावित शासकीय भूमि का चिन्हांकन, स्थल परीक्षण एवं रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही राजस्व एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त आख्या समयबद्ध रूप से शासन को भेजने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कराई गई।
21 मई को फिर उठाया मुद्दा, अब दूसरी बार अनुस्मारक
प्रकरण की निरंतर मॉनिटरिंग करते हुए 21 मई 2026 को आयोजित उद्योग बंधु समिति की बैठक में भी युवा उद्योग व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष प्रिन्स जायसवाल ने जिलाधिकारी के समक्ष विस्तृत ज्ञापन देकर कार्रवाई में तेजी लाने की मांग की। इसके बाद 06 जून 2026 को उपायुक्त उद्योग कार्यालय ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई एवं आख्या उपलब्ध कराने को कहा।
लेकिन अपेक्षित रिपोर्ट समय से प्राप्त न होने पर 01 अगस्त 2026 को सीएमओ को दूसरी बार अनुस्मारक पत्र जारी किया गया है, जिससे स्पष्ट है कि प्रशासन इस प्रकरण को लगातार गंभीरता से मॉनिटर कर रहा है।
मांग को मिला अभूतपूर्व जनसमर्थन
कोल्हुई सीएचसी स्थापना की मांग को लेकर जिलाधिकारी महोदय के नाम व्यापक जनसमर्थन भी प्राप्त हुआ है। ग्राम प्रधान रामकेश प्रजापति, जिला पंचायत सदस्य प्रेम शंकर पाण्डेय (वार्ड-23), कोल्हुई थाना, आदर्श इंटर कॉलेज, परमहंस बालिका इंटर कॉलेज, आदर्श इंटर कालेज परसौना,देवीशरण डिग्री कॉलेज, भारतीय स्टेट बैंक कोल्हुई, पंजाब नेशनल बैंक परसौना कोल्हुई, बैंक ऑफ बड़ौदा की कोल्हुई शाखाओं सहित अनेक सामाजिक संगठनों, व्यापारियों और क्षेत्र के नागरिकों ने लिखित समर्थन देकर इस मांग को मजबूती प्रदान की है।
'यह केवल मांग नहीं, लाखों लोगों की जरूरत'
प्रिन्स जायसवाल ने कहा कि कोल्हुई, बृजमनगंज क्षेत्र तथा भारत-नेपाल सीमा से जुड़े गांवों की बड़ी आबादी आज भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित है। दुर्घटनाओं, गंभीर बीमारियों और प्रसूति जैसी आपात स्थितियों में लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि यह किसी संगठन या व्यक्ति की नहीं, बल्कि लाखों क्षेत्रवासियों के जीवन और स्वास्थ्य से जुड़ा जनहित का मुद्दा है।
बढ़ी उम्मीद, जल्द मिल सकती है बड़ी सौगात
लगातार हुए प्रशासनिक पत्राचार, जिलाधिकारी के निर्देश, विभिन्न विभागों की सक्रियता, व्यापक जनसमर्थन और अब सीएमओ को दूसरी बार भेजे गए अनुस्मारक के बाद क्षेत्रवासियों में यह उम्मीद और प्रबल हो गई है कि कोल्हुई में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना की वर्षों पुरानी मांग अब जल्द ही धरातल पर उतर सकती है।
