प्रयागराज। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा के निर्देशन में सेंट एंथोनी गर्ल्स इंटर कॉलेज में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों एवं शैक्षणिक संस्थानों के प्रमुखों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि पिछड़ी जाति, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामान्य वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं तय समय-सारिणी के अनुसार पूरी की जाएं।
प्रमुख निर्देश एवं निर्णय:
मास्टर डाटा जमा करने की अंतिम तिथि: जिले की सभी शिक्षण संस्थाएं 15 अगस्त 2026 तक हर हाल में मास्टर डाटा का कार्य पूरा करना सुनिश्चित करें।
समय पर ऑनलाइन आवेदन: छात्रों के ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया को समय से पूरा कराया जाए और विश्वविद्यालय, एफिलिएटिंग एजेंसी तथा संस्थान स्तर पर डाटा को बिना किसी देरी के आगे अग्रसारित (Forward) किया जाए। किसी भी स्तर पर आवेदन लंबित नहीं रहना चाहिए।
लापरवाही पर कठोर कार्रवाई: यदि संस्थान की शिथिलता या लापरवाही के कारण कोई भी पात्र छात्र-छात्रा छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति के लाभ से वंचित होता है, तो संबंधित शिक्षण संस्थान के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
इस बैठक में जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास) एवं जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सहित विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों के रजिस्ट्रार, प्राचार्य, प्रधानाचार्य और नोडल अधिकारियों ने भाग लिया।

