प्रदीप बच्चन (व्युरो चीफ)
नित्यानंद सिंह (जिला संवाददाता)
बलिया (यूपी) 03 अगस्त। बांसडीह तहसील के सहतवार क्षेत्र में बिना मान्यता के संचालित किए जा रहे विद्यालय के विरुद्ध जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) के निर्देश पर कार्रवाई की गई। जांच में विद्यालय का संचालन नियमों के विपरीत पाए जाने पर उसे तत्काल प्रभाव से बंद करने का आदेश दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, IGRS पोर्टल पर शिकायत संख्या 400193280029252 दर्ज कराई गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि "वर्मा जूनियर हाई स्कूल" का नाम बदलकर "ज्ञान गंगा विद्यापीठ" के नाम से बिना वैध मान्यता के विद्यालय संचालित किया जा रहा है।
शिकायत के आधार पर DIOS बलिया के निर्देश पर जांच अधिकारी अखिलेश कुमार सिंह ने सोमवार, 03 अगस्त 2026 को प्रातः लगभग 10:15 बजे विद्यालय पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान विद्यालय के संचालन से संबंधित अभिलेखों का परीक्षण किया गया, जिसमें विद्यालय बिना मान्यता के संचालित पाया गया।
जांच के उपरांत विद्यालय के प्रबंधक/प्रधानाध्यापक को तत्काल प्रभाव से विद्यालय बंद करने का निर्देश दिया गया। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई कि यदि भविष्य में बिना मान्यता के विद्यालय का संचालन दोबारा किया गया तो प्रबंधक एवं संबंधित शिक्षकों के विरुद्ध प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराने सहित विधिक एवं दंडात्मक कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।
जांच अधिकारी ने अपनी विस्तृत रिपोर्ट जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय को सौंप दी है। शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में बिना मान्यता संचालित अन्य विद्यालयों में भी हड़कंप मच गया है।
