गोंडा (ब्यूरो रिपोर्ट - शिव शरण):
गोंडा में नारकोटिक्स टास्क टीम (लखनऊ मंडल) ने ट्रेन में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। लखनऊ मंडल की नारकोटिक्स टास्क टीम ने मैजापुर और गोंडा रेलवे स्टेशन के बीच चलती ट्रेन में चेकिंग के दौरान कोच अटेंडेंट के केबिन से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है।
ट्रेन संख्या 15910 (अवध असम एक्सप्रेस) में हुई कार्रवाई
मिली जानकारी के अनुसार, नारकोटिक्स टास्क टीम ट्रेन संख्या 15910 में नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी। मैजापुर से गोंडा के बीच चेकिंग के दौरान टीम को कोच अटेंडेंट के बेडरोल केबिन पर शक हुआ। जब केबिन की तलाशी ली गई, तो वहां से 51,660 एमएल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। बरामद शराब की कुल कीमत लगभग 31,829 रुपये आंकी गई है।
आरोपी असम का निवासी, जीआरपी गोंडा के सुपुर्द
कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से आरोपी कोच अटेंडेंट को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान डिंपल बरुआ (उम्र 27 वर्ष), निवासी असम के रूप में हुई है। नारकोटिक्स टीम ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को जीआरपी गोंडा के हवाले कर दिया है।
जीआरपी गोंडा द्वारा आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम (Excise Act) की धारा 60 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

