मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम के निर्देश पर विशेष प्रवर्तन अभियान के दूसरे दिन 11 खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी; हाइजीन और गुणवत्ता में कमियों पर थमाए गए नोटिस।
प्रयागराज। मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ दूसरे दिन भी ताबड़तोड़ कार्रवाई की। विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत शहर के 11 प्रमुख खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जिनमें से गुणवत्ता और स्वच्छता मानकों पर खरे न उतरने वाले 4 प्रतिष्ठानों को सुधार या वैध पंजीकरण होने तक बंद करवा दिया गया।
कार्रवाई के दौरान 48 किलोग्राम खराब दही और 5 किलोग्राम दूषित बर्फी को मौके पर ही विनष्ट कराया गया। साथ ही कई नामी दुकानों से खाद्य पदार्थों के लीगल सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
प्रमुख प्रतिष्ठानों पर हुई कार्रवाई
न्यू छप्पन भोग (कस्तूरबा गांधी मार्ग): परिसर में भारी गंदगी और हाइजीन की कमियां मिलने पर नोटिस चस्पा किया गया। आवश्यक सुधार होने तक किचन को बंद करा दिया गया है। बर्फी और बेसन के नमूने संग्रहित किए गए।
होटल ग्रैण्ड कांटिनेन्टल (सिविल लाइन्स): किचन और स्टोर रूम के निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई में गंभीर लापरवाही पाई गई, जिस पर नोटिस जारी कर तात्कालिक सुधार के निर्देश दिए गए।
ओकेजन बेकरी (मम्फोर्डगंज): टूटी-फ्रूटी ड्राई केक और पेस्ट्री की गुणवत्ता संदिग्ध मिलने पर उनके नमूने जांच के लिए भेजे गए।
पैराडाइज्ड फास्ट फूड एंड रेस्टोरेंट (बालसन चौराहा): स्वच्छता मानकों का पालन न करने पर होटल प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया
डेयरी, स्वीट्स और फ्रूट कंपनियों पर शिकंजा
रतन डेयरी (कमला नगर): दही में मिलावट की आशंका और भौतिक स्थिति खराब पाए जाने पर 48 किलोग्राम दही मौके पर नष्ट कराया गया। दही और पनीर के सैंपल लेकर डेयरी को सुधार होने तक बंद करा दिया गया।
सोनू एवं नोनू फ्रूट कम्पनी (शिवकुटी): राइपनिंग चैंबर की जांच में लगभग 10 कुंतल केले रसायनों के माध्यम से पकाए जाते पाए गए। बिना खाद्य पंजीकरण के कारोबार संचालित करने पर प्रतिष्ठान को बंद कराकर केलों का विधिक नमूना लिया गया।
राजेश कुमार सोनकर (उतरांव): रसायन से केला पकाने के संदेह में सैंपल लिया गया। बिना वैध रजिस्ट्रेशन के काम करने पर प्रतिष्ठान तुरंत बंद कराया गया।
राजा बाबू फ्रूट कम्पनी (शिवकुटी): रसायन से पपीता पकाने के संदेह में पपीते के साथ-साथ प्रयुक्त रसायन का भी सैंपल जांच हेतु भेजा गया।
जय मां दुर्गा स्वीट (अलोपीबाग): कलाकंद का सैंपल लिया गया तथा खराब पाई गई 5 किलोग्राम बर्फी को मौके पर ही विनष्ट कराया गया।
डिलाइट मफिंस (धूमनगंज): वाटर टेस्ट रिपोर्ट व पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट प्रस्तुत न करने और कर्मचारियों द्वारा हेड कवर, एप्रन व ग्लव्स का प्रयोग न करने पर नोटिस जारी किया गया।
होटल फोर व्यू (सिविल लाइन्स): निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान का किचन बंद/निष्क्रिय पाया गया।


