माननीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) ने प्रयागराज व चित्रकूट मंडल के विभागीय अधिकारियों के साथ की मंडलीय समीक्षा बैठक
*मा0 मंत्री जी ने विभागीय अधिकारियों को समस्त योजनाओं के वार्षिक लक्ष्य को शत-प्रतिशत रूप से ससमय पूर्ण करने के दिए निर्देश*
*पिछला वर्ग कल्याण एवं दिव्यांग जन सशक्तिकरण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का आमजन के मध्य करायें व्यापक प्रचार-प्रसार*
*दिव्यांग पेंशन के लाभ से वंचित पात्र व्यक्तियों को चिन्हित कर पेंशन का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहें-मा0 मंत्री*
*प्रदेश सरकार पिछड़ा वर्ग व दिव्यांगजनों के हित के लिए कृतसंकल्पित-मा0 राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)*
*प्रयागराज 12 जुलाई।*
माननीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पिछला वर्ग कल्याण एवं दिव्यांग जन सशक्तिकरण विभाग के मंत्री श्री नरेंद्र कश्यप जी ने रविवार को सर्किट हाउस के सभागार में प्रयागराज व चित्रकूट धाम मंडल की मंडलीय समीक्षा बैठक की। माननीय मंत्री जी ने पिछला वर्ग कल्याण एवं दिव्यांग जन सशक्तिकरण विभाग से सम्बंधित संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन एवं प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए पिछड़ा वर्ग कल्याण व दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
माननीय मंत्री जी ने दोनों मंडलों के पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान छात्रवृत्ति योजना, शादी अनुदान योजना, ओ-लेवल व सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना, छात्रावास समेत अलग अलग योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की और संबंधित अधिकारियों को लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित किए जाने का निर्देश दिया है। माननीय मंत्री जी ने विभागीय अधिकारियों से कहा कि शादी अनुदान योजना के बारे में लोगों को जागरूक करें, जिससे अधिक से अधिक पात्र परिवार इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से कहा कि ओ-लेवल एवं सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण योजनाओं का भी व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि लोगों को इसका लाभ मिल सके।
माननीय मंत्री जी ने दोनों मंडलों की दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की समीक्षा में दिव्यांग पेंशन योजना, कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण योजना, ट्राईसाइकिल योजना, मोटराइज्ड साइकिल योजना, दिव्यांगजन शादी अनुदान योजना, कॉक्लियर इम्प्लांट योजना, दुकान निर्माण योजना, बचपन डे केयर, समेकित विशेष विद्यालयों तथा विभाग द्वारा संचालित अन्य शैक्षणिक संस्थानों की प्रगति की समीक्षा की। माननीय मंत्री जी ने कहा की प्रत्येक जिले में ऐसे दिव्यांगजनों को चिन्हित किया जाए जिन्हें दिव्यांग पेंशन प्राप्त नहीं हो रही है, उन्हें पेंशन का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने विभागीय समस्त योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और कड़े निर्देश देते हुए कहा कि समस्त योजनाओं के लिए जो शासन स्तर पर लक्ष्य दिए गए हैं उस लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूर्ण किया जाए।
मा० मंत्री जी ने कहा कि उ०प्र० सरकार समाज के पिछड़े वर्ग व दिव्यांगजन हेतु विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। मा0 मंत्री जी ने कहा कि सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करायें, जिससे कि लोगो को संचालित योजनाओ के बारे मेें जानकारी प्राप्त हो सके और सभी पात्र लोग इसका लाभ प्राप्त कर सके। उन्होंने विभागीय समस्त योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और निर्देश देते हुए कहा कि समस्त योजनाओं के वार्षिक लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूर्ण किया जाए, जहां पर निर्माण कार्य चल रहा है, उन कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए है।
मा0 मंत्री जी ने बताया कि प्रदेश सरकार पिछड़ा वर्ग समाज के कल्याण के लिए लगातार प्रयासरत है, उनके कल्याण के लिए नई नई योजनाएं ला रही है। मा0 मंत्री जी ने बताया कि उ0प्र0 सरकार समाज के पिछड़ा वर्ग कल्याण हेतु कुछ नई योजनाएं “मुख्यमंत्री डिजिटल प्रशिक्षण योजना, मुख्यमंत्री छात्रावास निर्माण योजना एवं मुख्यमंत्री तकनीकी दक्षता प्रशिक्षण योजना भी संचालित करने पर विचार कर रही है, जिसके लिए व्यय की मांग हेतु प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है।
मा0 मंत्री जी ने कहा कि दिव्यांगजनों को सशक्त करने के लिए सरकार के द्वारा अनेक योजनाएं संचालित की गयी है। उन्होंने कहा कि बचपन डे केयर सेंटर सेे लेकर विश्वविद्यालय तक की पढ़ाई को निःशुल्क करके सरकार दिव्यांगजनों को उनके पैर पर खड़ा करने का कार्य कर रही है। दिव्यांग बच्चियों को मोटराइज्ड ट्राइसाइिकल देने का फैसला सरकार ने लिया है। उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग एवं दिव्यांगजन लोगो को सरकार की योजनाओं का लाभ मिल सके और पिछड़ा वर्ग के लोग सशक्त होकर मुख्यधारा से जुड़े, यह सरकार का लक्ष्य एवं संकल्प है, जिसके लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर काशी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष श्री अश्वनी कुमार सिंह पटेल सहित दोनों मंडल के सभी जिला दिव्यांगजन अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी सहित अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे।
