जिलाधिकारी ने भूजल संरक्षण हेतु व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाये जाने के लिए कहा
Type Here to Get Search Results !

Recent Tube

जिलाधिकारी ने भूजल संरक्षण हेतु व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाये जाने के लिए कहा

 


भूजल सप्ताह का आयोजन 16 जुलाई से 22 जुलाई तक

जिलाधिकारी ने भूजल संरक्षण हेतु व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाये जाने के लिए कहा

इस वर्ष भूजल संरक्षण अभियान की थीम ‘‘जल संरक्षण का करें संकल्प, इसका नहीं है कोई विकल्प’’ है


प्रयागराज 09 जुलाई।


      जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा ने गुरूवार को संगम सभागार में 16 जुलाई से 22 जुलाई, 2026 तक मनाये जाने वाले भूजल सप्ताह के आयोजन एवं तैयारियों के सम्बंध में बैठक करते हुए सभी सम्बंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए है। उन्होंने सभी सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को इस सम्बंध में कार्ययोजना बनाकर प्रभावी कार्यवाही करते हुए भूजल सप्ताह कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आयोजित किए जाने के लिए कहा है। उन्होंने भूजल संरक्षण के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाये जाने के लिए कहा है। इस वर्ष भूजल सप्ताह की थीम ‘‘जल संरक्षण का करें संकल्प, इसका नहीं है कोई विकल्प’’ है। भूजल संरक्षण अभियान कार्यक्रम के तहत 16 एवं 17 जुलाई को ग्राम पंचायत स्तर पर, 18 एवं 19 जुलाई को विकास खण्ड एवं क्षेत्र पंचायत स्तर पर, 20 एवं 21 जुलाई को नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत स्तर पर तथा 22 जुलाई को जनपद/जिला पंचायत/नगर विकास/विकास प्राधिकरण स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे। भूजल सप्ताह अभियान कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।


भूजल संरक्षण अभियान के अन्तर्गत तालाबों, चैकडैमों का जीर्णोद्धार कराये जाने एवं रेन वाटर हार्वेस्टिंग अनिवार्यता के साथ कराये जाने तथा तालाबों की साफ-सफाई कराते हुए जल-संचयन की व्यवस्था कराये जाने के लिए कहा है। जिलाधिकारी ने सरकारी स्कूलों, पंचायत भवनों, प्राइवेट स्कूलों तथा अन्य भवनों पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग कराये जाने के लिए कहा है। उन्होंने लोगो को अपने छतों पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था किए जाने हेतु जागरूक करने के लिए कहा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक को स्कूलों में जल संरक्षण के लिए जनजागरूकता अभियान हेतु विद्यालयों में पोस्टर एवं निबंध प्रतियोगिता आयोजित कराये जाने के लिए कहा है। कृषि एवं उद्यान विभाग को किसानों को ड्रिप/स्प्रिंकल के माध्यम से सिंचाई हेतु प्रेरित किए जाने के लिए कहा। जिलाधिकारी ने जिला पंचायतराज अधिकारी को ग्राम पंचायत स्तर पर श्रमदान, रिचार्ज पिट, दीवार लेखन एवं पोस्टर तथा ग्राम प्रधान के साथ समन्वय बनाते हुए जल संरक्षण की जागरूकता हेतु कार्यक्रम आयोजित किए जाने के लिए कहा है। जिलाधिकारी ने लघु सिंचाई विभाग को चैकडैम एवं रिचार्ज संरचनाओं का निरीक्षण करते हुए चेकडैमों को साफ कराते हुए वहां पर जल संरक्षण हेतु व्यवस्था कराये जाने के लिए कहा है। उन्होंने उद्योग विभाग को जनपद स्तरीय औद्योगिक स्थलों पर वर्षा जल संचयन का कार्य तथा औद्योगिक ईकाईयों के साथ जनजागरूकता बैठक किए जाने के लिए कहा है। जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान, स्वयं सहायता समूह, विद्यालय प्रबंध समितियां एवं स्वैच्छिक संगठन प्रत्येक स्तर पर नागरिकों को संगठित करते हुए कार्यक्रम सम्पादित किए जाने के लिए कहा है।


      जिलाधिकारी ने भूजल संरक्षण सप्ताह के अन्तर्गत किए जाने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत रिपोर्ट, फोटोग्राफ एवं वीडियो सहित साफ्ट कॉपी एवं हार्डकापी में तैयार कराये जाने हेतु सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत स्तर पर पेयजल एवं स्वच्छता समिति की बैठक एवं अभिमुखीकरण का आयोजन करते हुए आमजनमानस को पाइप पेयजल आपूर्ति को अपनाने, नल से जल के अनुकूलतम उपयोग तथा भूजल संरक्षण हेतु जागरूकता बनाने के लिए सामूिहक चर्चा किए जाने के लिए कहा है। उन्होंने छतों, सार्वजनिक भवनों, तालाबों, कुओं आदि को चिन्हित कर वहां पर वर्षा जल संचयन की योजना बनाते हुए आवश्यक कार्यवाही करने के लिए कहा है। उन्होंने विकास खण्ड स्तर पर जल संरक्षण हेतु कार्यशाला आयोजित किए जाने के लिए खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया है। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, सहायक अभियंता लघु सिंचाई सहित सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Hollywood Movies