जिलाधिकारी ने सभी सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को व्यापारियों की समस्याओं को शीर्ष प्राथमिकता पर निस्तारित किए जाने के दिए निर्देश
प्रयागराज 28 जुलाई।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को संगम सभागार में जिला व्यापार बन्धु समिति की बैठक आयोजित की गयी, जिसमें प्रयागराज जनपद के व्यापार मंडलो के प्रतिनिधि एवं व्यापारीगण तथा विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे। बैठक में व्यापार मण्डल के प्रतिनिधियों के साथ उनकी समस्याओं एवं समाधानों पर विस्तार से चर्चा की गयी तथा व्यापारियों की समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण हेतु सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया। जिलाधिकारी ने बैठक में व्यापारियों के द्वारा हैवी टैªफिक से जाम, साफ-सफाई, पार्किंग व्यवस्था, दुकानों के सामने अवैध अतिक्रमण को हटाये जाने सहित अन्य विषयों पर दिए गए महत्वपूर्ण सुझावों को सम्मिलित करते हुए उसके निस्तारण के सम्बंध में सभी सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को व्यापारियों को समस्याओं को शीर्ष प्राथमिकता पर निस्तारित करने के निर्देश दिए।
बैठक में द्विवेदी हॉस्पिटल-म्योर रोड टैªफिक चौराहा की संचालिका के द्वारा बताया गया कि अस्पताल से निकलने वाले मेडिकल वेस्ट को हटाने के लिए निर्धारित शुल्क जमा करने के बावजूद भी नगर निगम की गाड़िया कई दिनों के अंतराल पर आती है, जिससे कि मेडिकल वेस्ट को हटाने में समस्या उत्पन्न होती है, जिलाधिकारी ने नगर निगम को सभी अस्पतालों से मेडिकल वेस्ट हटाने के लिए नियमित रूप से गाड़ियों को भेजे जाने एवं मेडिकल वेस्ट को प्रतिदिन हटवाये जाने के निर्देश दिए है। व्यापारियों के द्वारा मुण्डेरा चुंगी स्थित ठण्डी बियर और अंग्रेजी शराब की दुकान को कहीं अन्यत्र स्थान पर शिफ्ट करने का अनुरोध किया गया। व्यापारियों के द्वारा बताया गया कि दुकान के पीछे शराबी बैठकर शराब पीते है तथा कई बार सड़क पर ही बैठकर पीना शुरू कर देते है, जिससे वहां पर गुटो में मारपीट की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। जिलाधिकारी ने इस सम्बंध में आबकारी विभाग एवं नगर निगम को समन्वय बनाते हुए उक्त दुकान को कहीं अन्यत्र शिफ्ट किए जाने का निर्देश दिया है। बैठक में व्यापारियों के द्वारा तहसील सोरांव में व्यापारियों से सम्बंधित शिकायतों के उठाये जाने पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी सोरांव एवं एसीपी सोरांव को व्यापारियों के साथ बैठक करते हुए उनकी समस्याओं को प्राथमिकता पर निस्तारित किए जाने के लिए कहा है। तहसील सोरांव में पेयजल योजना के तहत कराये गये कार्यों की अपूर्णता की शिकायत पर जिलाधिकारी ने जल निगम को शिकायतों का समाधान सुनिश्चित करते हुए कार्य को शीघ्रता से पूर्ण कराये जाने का निर्देश दिया है। जिलाधिकारी ने नेशनल हाईवे पर अनाधिकृत रूप से किए गए कट को तत्काल बंद कराये जाने का निर्देश दिया है साथ ही साथ यह भी निर्देशित किया कि किसी के द्वारा यदि पुनः कट किया जाता है, तो उसके विरूद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कराना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही साथ उन्होंने सभी नेशनल हाईवे पर लाइटो को ठीक कराकर क्रियाशील रखने के निर्देश दिए है। कहा कि कावंड यात्रा के दृष्टिगत हाईवे पर लाइटे खराब न रहे और यदि कोई लाइट खराब हो, तो उसको तत्काल ठीक कराया जाना सुनिश्चित करें। व्यापारियों के द्वारा इलाहाबाद-प्रतापगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर लेहरा मोड़ के पास एक नाले का गड्ढ़ा खुला होने के बारे में शिकायत किए जाने पर जिलाधिकारी ने कहा कि यदि अभी तक उसको ठीक नहीं कराया गया है, तो सम्बंधित विभाग तत्काल उसको ठीक कराना सुनिश्चित करें। बैठक में व्यापारियों के द्वारा चौक के कई मोहल्लो में जर्जर विद्युत तार होने तथा लटकने की शिकायत किए जाने पर जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को तत्काल जर्जर तारों को ठीक कराये जाने का निर्देश दिया है। बैठक में व्यापारियों के द्वारा सिविल लाइन एवं पत्रिका चौराहें पर जाम की शिकायत किए जाने पर जिलाधिकारी ने सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है।
इस अवसर पर जिला व्यापार बंधु समिति के सदस्य/पदाधिकारीगणों के अलावा जीएसटी विभाग के अधिकारीगणों के अलावा अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
