संभव अभियान से जुड़े सभी विभागों को निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार कार्यवाही कराये जाने के दिए निर्देश
सैम बच्चों का डेटा मैप्ड कराते हुये उनका प्रबंधन सुनिश्चित करायें
प्रयागराज 28 जुलाई।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को संगम सभागार में जिला पोषण/कन्वर्जेंस समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने बाल विकास विभाग के सभी विभागीय योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने संभव अभियान जुलाई- सितंबर 2026 कराए जाने की तैयारी से जुड़े सभी विभागों-पंचायत विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग को निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार कार्यवाही कराये जाने के निर्देश दिए गए। मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया गया कि संभव अभियान के अंतर्गत ई-कवच पोर्टल पर सैम बच्चों का डेटा ए0एन0एम0 एवं अधीक्षक के स्तर से मैप्ड कराते हुये उनका प्रबंधन सुनिश्चित करायें तथा सभी प्रकार की दवायें भी वी0एच0एस0एन0डी0 सत्रों पर सुलभ रखें। जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया गया कि एफ0आर0एस0 की प्रगति पोषण ट्रैकर पर शत प्रतिशत करा लें एवं नवीन रेसिपी का वितरण केन्द्रों को नैफेड/एनआरएलएम द्वारा समय से करायें तथा टी0एच0आर0 वितरण में खराब एफ0आर0एस0 प्रतिशत के बाल विकास परियोजना अधिकारी धनुपुर, हंडिया, कौंधियारा एवं चाका को चेतावनी देने के निर्देश दिये गये।
जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि विगत माह 15 जून 2026 से 15 जुलाई 2026 के बीच चलाये गये विशेष अभियान में जनपद द्वारा प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना के अंतर्गत निर्धारित कुल लक्ष्य 4237 के सापेक्ष 8387 का लक्ष्य प्राप्त किया जो 155 प्रतिशत के साथ पूरे प्रदेश में जनपद प्रयागराज प्रथम स्थान पर रहा एवं वर्तमान वित्तीय वर्ष में अप्रैल से जुलाई के लिये कुल लक्ष्य 9443 के सापेक्ष 11522 की प्रगति करते हुये 122 प्रतिशत की उपलब्धि हासिल की है जिसपर जिलाधिकारी महोदय द्वारा संतोष व्यक्त किया गया। जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया गया कि पूर्व की स्वीकृति 200 शौचालयों एवं वर्तमान वित्तीय वर्ष में स्वीकृत 72 शौचालयों के निर्माण का कार्य माह अगस्त 2026 तक पूर्ण करायें तथा उपायुक्त श्रम एवं रोजगार को निर्देशित किया गया कि अस्वीकृत 76 आंगनबाड़ी केन्द्रों की स्वीकृति कराते हुये अविलम्ब निर्माण कार्य प्रारम्भ कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, उपायुक्त श्रम एवं रोजगार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सहायक अभियंता लघु सिंचाई, जिला सूचना अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी एवं समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारियों सहित कन्वर्जेन्स विभागों के अन्य सभी अधिकारी उपस्थित रहे।
