प्रदीप बच्चन (व्यूरो चीफ)
मिस आरती (तहसील संवाददाता)
बलिया (यूपी)। विकास खंड मनियर के बड़ागांव (खुंटहा यादव बस्ती) में रविवार शाम बच्चों और युवाओं ने श्रमदान कर सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया। ग्रामीणों ने गांव को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली आरसीसी सड़क के दोनों किनारों पर उगी घास-फूस और झाड़ियों की सफाई की। इस सराहनीय पहल की गांव के बुजुर्गों ने प्रशंसा की।
गांव के युवा सागर यादव ने बताया कि 'हर घर नल योजना' के तहत आरसीसी सड़क के बीच गड्ढा खोदकर पानी की पाइपलाइन बिछाई गई थी। पाइपलाइन डालने के बाद सड़क को केवल मिट्टी से भर दिया गया, लेकिन मानकों के अनुरूप मरम्मत नहीं कराई गई। समय बीतने के साथ सड़क क्षतिग्रस्त हो गई।
बरसात के मौसम में सड़क के दोनों किनारों और सड़क पर उगी झाड़ियों से राहगीरों को काफी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि घनी घास के कारण सांप और अन्य जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बना रहता है। विशेष रूप से स्कूल आने-जाने वाले छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावक चिंतित हैं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि इस समस्या की लगातार अनदेखी कर रहे हैं। इसी वजह से गांव के बच्चों और युवाओं ने स्वयं आगे आकर सड़क की सफाई का बीड़ा उठाया, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
इस अवसर पर विवेक यादव, राज यादव, श्याम यादव, मुलायम यादव, पप्पू यादव, संजय यादव, छोटू यादव, अजीत यादव, उमेश यादव, अमित यादव सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने बच्चों और युवाओं के इस प्रयास की सराहना करते हुए संबंधित विभाग से सड़क की मरम्मत और स्थायी समाधान की मांग की।
